बढ़ुवा गोदाम–बलिया मोड़ सड़क पर पटरी निर्माण की मांग तेज, विक्रमजीत सिंह ने दिया 30 दिन का अल्टीमेटम


Uploaded Image

आम आदमी पार्टी, मऊ के जिलाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह के नेतृत्व में नगर विकास मंत्री उत्तर प्रदेश ए. के. शर्मा तथा नगर पालिका परिषद, मऊ के अध्यक्ष अरशद जमाल के नाम संबोधित ज्ञापन नगरपालिका निरीक्षक सत्यप्रकाश को सौंपा गया।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से बढ़ुवा गोदाम से बलिया मोड़ तक सड़क के दोनों किनारों पर पटरी (शोल्डर) का निर्माण, डुमरांव मोड़ के खुले नाले को बढ़ुवा गोदाम के पास स्थित नहर से जोड़ने तथा डुमरांव मोड़ से बहरीपुर तक सड़क के दोनों किनारों पर पटरी निर्माण की मांग की गई।

जिलाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह ने कहा कि बढ़ुवा गोदाम से बलिया मोड़ तक सड़क के दोनों किनारों पर पटरी न होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं, जाम तथा आवागमन में गंभीर कठिनाइयां उत्पन्न होती हैं। वहीं डुमरांव मोड़ का खुला नाला बरसात के समय जलभराव का कारण बनता है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी द्वारा पूर्व में भी कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं तथा संबंधित स्तर से आश्वासन भी मिला, लेकिन आज तक कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया। इसलिए इस बार ज्ञापन के माध्यम से 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित करते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।

विक्रमजीत सिंह ने कहा, "यदि 30 दिनों के भीतर बढ़ुवा गोदाम से बलिया मोड़ तक पटरी निर्माण, डुमरांव मोड़ के नाले को नहर से जोड़ने तथा डुमरांव मोड़ से बहरीपुर तक पटरी निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया, तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।"

ज्ञापन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संजय राजभर, संतोष कुमार, हैदर अली सहित आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।