जिलाधिकारी के निर्देशन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के कुशल नेतृत्व में महिला कल्याण विभाग, जनपद मऊ द्वारा आज शारदा देवी आर्य बालिका इंटर कॉलेज, रानीपुर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय टीम ने छात्राओं से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। छात्राओं ने भी अपने विचार, अनुभव एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर खुलकर चर्चा की। इस अवसर पर बताया गया कि वर्तमान समय में महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन, रक्षा सहित प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। साथ ही वे परिवार एवं समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। महिलाओं को समाज की शक्ति बताते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला मिशन समन्वयक श्रीमती अर्चना राय ने छात्राओं को किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों की विस्तृत जानकारी दी तथा इन परिवर्तनों को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उनके लाभों की भी विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता हेतु संचालित हेल्पलाइन नंबर 112, 181, 108, 1090, 1098 एवं 1076 की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न अथवा आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन सेवाओं पर 24×7 संपर्क कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग से जिला मिशन समन्वयक श्रीमती अर्चना राय, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती राखी राय एवं श्रीमती तृप्ति, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती श्रेष्ठा मौर्या, विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता एवं सुरक्षा के प्रति सजगता विकसित करना तथा उन्हें अपने अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना रहा।
