मऊ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) मऊ जिले द्वारा 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नगर स्थित तालीमुद्दीन निस्वन गर्ल्स इंटर कॉलेज में 'रितुमति अभियान' के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बलिया विभाग संयोजक अनन्या शर्मा ,महाविद्यालय की प्रधानाचार्य रफत परवीन एवं समाजसेवी नीलम सर्राफ मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
समाजसेवी नीलम सर्राफ ने अपने संबोधन में कहा कि रितुमति अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि यह संदेश देना भी है कि प्रत्येक बेटी को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत का निर्माण तभी संभव है, जब हमारी मातृशक्ति स्वस्थ, शिक्षित और आत्मविश्वासी हो। इसलिए परिवार, विद्यालय, महाविद्यालय और समाज में इस विषय पर खुलकर, संवेदनशीलता तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ संवाद होना आवश्यक है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनन्या शर्मा ने कहा कि अभाविप ने अपने स्थापना काल से ही "ज्ञान, शील और एकता" के मंत्र को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्रहित में अनेक प्रेरणादायी कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि रितुमति अभियान भी सेवा, संवेदनशीलता और जागरूकता की इसी भावना का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
महाविद्यालय की प्रधानाचार्य रफत परवीन ने कहा कि मासिक धर्म कोई बीमारी या शर्म का विषय नहीं, बल्कि प्रकृति द्वारा प्रदत्त एक सामान्य एवं आवश्यक जैविक प्रक्रिया है। इसके बावजूद समाज के अनेक हिस्सों में आज भी इससे जुड़े मिथक, संकोच और भ्रांतियां व्याप्त हैं। इन भ्रांतियों को दूर करना, सही जानकारी उपलब्ध कराना तथा बेटियों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं सम्मान की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान अर्शी बानो सहित विद्यालय की सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं।
