घोसी लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद राजीव राय को उनके उत्कृष्ट संसदीय प्रदर्शन, जनसेवा, जनसरोकारों के प्रति समर्पण तथा विकासोन्मुख कार्यों के आधार पर प्रतिष्ठित ‘फेम इंडिया–एशिया पोस्ट’ द्वारा जारी देश के 25 उत्कृष्ट लोकसभा सांसदों की सूची में शामिल किया गया है। यह उपलब्धि न केवल घोसी लोकसभा क्षेत्र, बल्कि पूरे पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
फेम इंडिया–एशिया पोस्ट द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार यह चयन बहुस्तरीय सर्वेक्षण, संसदीय रिकॉर्ड, सदन में सक्रिय भागीदारी, पूछे गए प्रश्नों, जनसंपर्क, विकास कार्यों, सामाजिक स्वीकार्यता, नेतृत्व क्षमता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता जैसे विभिन्न मानकों के व्यापक अध्ययन के बाद किया गया है।
सांसद राजीव राय ने अपने संसदीय कार्यकाल में घोसी लोकसभा क्षेत्र की सड़क, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, रोजगार तथा अन्य जनहित के मुद्दों को संसद और संबंधित मंत्रालयों के समक्ष प्रभावशाली ढंग से उठाया है। उनकी सक्रिय संसदीय भूमिका और जनसेवा की प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार पहचान मिली है।
हाल के समय में ऑपरेशन सिंदूर के संदर्भ में भारत सरकार द्वारा गठित सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में राजीव राय को शामिल किया जाना उनके प्रति व्यक्त राष्ट्रीय विश्वास का परिचायक माना गया। इसके अतिरिक्त, संयुक्त राष्ट्र महासभा (United Nations General Assembly) के मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना भी उनके सार्वजनिक जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है, जिसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के पक्ष को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।
देश के 25 उत्कृष्ट सांसदों की सूची में उनका चयन इस बात का प्रमाण है कि संसद के भीतर प्रभावी हस्तक्षेप, जनहित के मुद्दों पर मुखर आवाज़, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता तथा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है।
यह सम्मान केवल सांसद राजीव राय का व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि घोसी लोकसभा क्षेत्र की जनता के विश्वास, समर्थन और सहभागिता का भी सम्मान है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि उन्होंने सदैव जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता दी है और संसद से लेकर सड़क तक जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया है।
इस अवसर पर क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने सांसद राजीव राय को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि घोसी लोकसभा क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सांसद राजीव राय आगे भी जनसेवा, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ क्षेत्र और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।
राजीव राय ने इस अवसर पर कहा—
“देश के उत्कृष्ट सांसदों की सूची में स्थान मिलना मेरे लिए व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि घोसी लोकसभा की जनता के विश्वास, प्रेम और आशीर्वाद का सम्मान है। जनता ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का मेरा प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा।”
