मऊनाथ भंजन। मऊ नगर पालिका परिषद में आज बोर्ड की विशेष बैठक सम्पन्न हुयी जिसमें पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ-साथ नगरवासियों को अधिक से अधिक जन सुविधायें उपलब्ध कराने हेतु पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने काफी महत्वपूर्ण प्रस्ताव पेश किये। ये सभी प्रस्ताव नगरवासियों तक बोर्ड द्वारा उत्तम एवं श्रेष्ठ सुविधायें पहुंचाने हेतु खास कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। बैठक में पूरे नगर क्षेत्र के रास्तों, सड़कों, नालियों, नालों के निर्माण, जल निकासी, जल-जमाव, सफाई, इण्टरलाकिंग, पेय जलापूर्ति व पथ-प्रकाश की व्यवस्था को और बेहतर बनाने एवं कार्य संचालन में क्षमता वृद्धि हेतु पालिका कार्यालय में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर चर्चा के साथ सभासदगण एवं अधिकारियों के बीच सूक्ष्म समन्वय स्थापित करने पर भी विचार हुआ। अल्बत्ता कुछ एक मुद्दों पर सभासदों के बीच खींचातानी एवं बहस-मुबाहिसा हुआ परन्तु अध्यक्ष महोदय के समझाने पर सभासदों ने सहमति बनाली।
जबकि वरिष्ठ सभासद मास्टर शमीम के त्याग पत्र दिये जाने के मामले को लेकर बैठक में सभासदों ने सदन में हंगामा किया। कुछ सभासदगण सदन छोड़ कर बाहर चले गये। इस दौरान सदन को लगभग 4 बजे से 5 बजे तक के लिये स्थगित कर दिया गया। बाद में पूरे सदन के समझाने पर सभासद मास्टर शमीम साहब ने अपने त्याग पत्र को वापस ले लिया और पुनः 5 बजे आरम्भ हुई बैठक का हिस्सा बने। इस संदर्भ में पत्र भेज कर जिलाधिकारी महोदय को सूचित करने का बोर्ड द्वारा प्रस्ताव स्वीकार कर लिया गया है।
बैठक के दौरान नवागन्तुक अधिशासी अधिकारी डा. मणि भूषण तिवारी का सभासदों ने बोर्ड की ओर से स्वागत किया तथा उनसे पूर्ण सहयोग की अपेक्षा की। जबकि अधिशासी अधिकारी ने प्रस्तावों सेे संदर्भित विस्तृत जानकारी देते हुये सभासदों की आशंकाओं को दूर दिया।
पुनः आरम्भ हुयी बैठक में अध्यक्ष द्वारा लाये गये प्रस्तावों के रूप में जनकल्याणकारी योजनाओं को महत्वाकांक्षी सभासदों ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। इस बीच जनकल्याण, जनहित एवं नागरिक सुविधाओं के इलावा खासकर मऊ के सुन्दरीकरण एवं आधुनिक व्यवस्था व तकनीकी का प्रयोग जैसे महत्वपूर्ण विषय छाये रहे। इस दौरान सभासदों ने अपने वार्डाें से सम्बन्धित समस्याओं एवं जन आवश्यकताओं को बोर्ड के समक्ष रखा जिसका संज्ञान लेते हुये स्वयं पालिकाध्यक्ष ने उनकी मंशा के अनुरूप समस्याओं के समाधान और आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु उन्हें आश्वस्त किया।
पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि आज की इस बैठक में बोर्ड के समक्ष पेश किये गये एजेंडे में जिन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को पारित किया है उनमें मुख्य रूप से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को परम्परागत ढंग एवं धूम-धाम से मनाने, शहरी सौन्दर्यीकरण एवं यातायात के दृष्टिगत प्रमुख मार्गों पर स्थित डिवाइडरों पर आयरन जाली लगाने, नगर के प्रमुख चौराहों, तिराहों का सौंदर्यीकरण करने, डिवाइडरों पर पोल लगाने व प्रचार प्रसार हेतु एलईडी स्क्रीन लगाने, जनहित से सम्बन्धित मामलों जैसे विकास और निर्माण कार्याें के प्रति वित्तीय वर्ष 2026-2027 हेतु सफाई, पथ-प्रकाश व जल संचालन के लिये आउटसोर्स पर कर्मचारियों को रखने, 15वें वित्त आयोग से सम्बन्धित कार्यों के प्रति अतिरिक्त वांछित धनराशि हेतु कंवर्जेंस स्वीकृति पर विचार करने, टैक्स हेतु जीआईएस सर्वे, वसूली पोर्टल विकास का थर्ड पार्टी से कराये जाने, गृहकर में कर निर्धारण/नामांतरण शुल्क प्रभावी करने, नगर पालिका की नयी वेबसाइट बनाने, पालिका के प्रोजेक्ट यूनिट की स्थापना करने एवं सिटी सेनीटेशन प्लान तैयार करने पर आने वाले व्ययभार, नगर पालिका कार्यालय का नेक्स्ट लेवेल कम्प्यूट्राइजेशन (ई-आफिस) कराये जाने व उस पर आने वाले व्ययभार, नगर की सीमाओं पर आधुनिक स्वागत द्वार बनाये जाने व उस पर आने वाले व्ययभार, नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु आटो सिग्नल सिस्टम लगाने व उस पर आने वाले व्ययभार की स्वीकृति पर चर्चा हुयी है जिसे सम्मानित सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त बैठक में सम्मानित सभासदगण द्वारा प्रस्तुत किये जाने वाले अन्य प्रस्तावों को भी शामिल किया गया है।
पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि आज की इस विशेष बैठक में नगरवासियों को जन सुविधायें उपलब्ध कराने हेतु उनकी तरफ से बोर्ड पटल पर काफी महत्वपूर्ण प्रस्ताव पेश किये गये थे जिन्हें बोर्ड द्वारा पारित कर दिये जाने पर उन्होंने समस्त सम्मानित सभासदगण का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अब इन प्रस्तावों के क्रियांवयन से बहुत जल्द नगर की सूरत बदलने वाली है।
इस विशेष बैठक के अवसर पर अधिशासी अधिकारी डा. मणि भूषण तिवारी ने बताया कि नगर क्षेत्र में अमृत सरोवरों व पोखरों का सौन्दर्यीकरण करने, मऊ महादेव पौराणिक एवं धार्मिक स्थल पर डेकोरेटेड पोल लाईटिंग, साइनेज बोर्ड तथा शौचालय, पथ प्रकाश व्यवस्था के अनुश्रण व सीसीएमएस प्रणाली स्थापित करने, नगर के प्रमुख डिवाइडरों, फ्लाईओवरों, खाली दीवारों पर साज सज्जा, थीमैटिकल पेंटिंग, थ्री डी पेंटिंग, म्यूरल्स पेंटिंग, वाल राइटिंग, पार्कों एवं डिवाइडरों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाने, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत स्थापित विभिन्न संयंत्रों के रख-रखाव, मरम्मत करने, वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा क्लेक्शन, सेग्रीगेशन, ट्रांस्पोर्टेशन तथा प्रोसेसिंग, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 के अनुपालन में 4 प्रकार के कचरा संग्रह, गाड़ियों में जीपीएस व वीटीएमएस प्रणाली की स्थापना करने जैसे प्रस्तावों को भी आज सम्मानित बोर्ड द्वारा पारित कर दिया गया है।
उन्होंने बोर्ड को आश्वस्त करते हुये कहा कि समस्त सम्मानित सदस्यांे के समन्वय से कार्य किये जायेंगे तथा नगर में अच्छी-अच्छी चीजें स्थापित होती रहेंगी। कहा कि यह मेरी जिम्मेदारी है कि मैं नगर के सर्वांगीर्ण विकास हेतु बोर्ड द्वारा पारित सभी प्रस्तावों को क्रिया रूप दूँ। इस संदर्भ में पालिका परिवार गम्भीरता पूर्वक तेजी से काम करेगी।
बैठक के अन्त में पालिका के पूर्व अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार के पिता जी के आज हुये निधन पर दो मिनट का मौन रख कर ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करने एवं शोकाकुल परिवार को कष्ट सहन करने की क्षमता प्रदान करने की प्रार्थना की गयी।
उक्त बैठक में पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल, सभासदगण, अधिशासी अधिकरी डा. मणि भूषण तिवारी, लेखाकार त्रिलोक नाथ मिश्रा, अवर अभियंता सिविल मनोज कुमार सोनकर व रमेश चन्द, जलकल जे0ई0 पंकज कुमार वर्मा, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्य प्रकाश व राजीव कुमार शुक्ला, राजस्व निरीक्षक अमृता राय व बलराम पाण्डेय, निर्माण लिपिक धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय एवं पालिका के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
