मऊ साड़ी व्यापार एसोसिएशन की मासिक बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार एवं व्यापारिक हितों पर बनी रणनीति


Uploaded Image

 मऊ साड़ी व्यापार एसोसिएशन की मासिक बैठक अध्यक्ष जमाल अर्पण के कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष जमाल अर्पण साहब ने किया। 

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाए रखने के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार एवं मंगलवार को अध्यक्ष जमाल अर्पण एवं महासचिव शफीकुर्रहमान कोठारी की निर्धारित कार्यालय बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों के माध्यम से संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा, सदस्यता अभियान की प्रगति, व्यापारियों से संवाद एवं व्यापार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर नियमित चर्चा की जाएगी। 

बैठक में संगठन के विस्तार, व्यापारियों की एकजुटता एवं आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि बाजारवार  व्यापारियों से संपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक व्यापारियों को एसोसिएशन से जोड़ा जा सके। साथ ही युवा टीम के गठन को और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न बाजारों के युवाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में एसोसिएशन के सदस्यों के लिए सदस्यता प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) का डिज़ाइन तैयार कराने तथा शीघ्र ही उनका वितरण करने पर भी सहमति बनी। इसके अतिरिक्त, मऊ के साड़ी व्यापारियों के साथ होने वाली धोखाधड़ी की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से विशेष जांच दल (SIT) के गठन की मांग को आगे बढ़ाने के लिए सीओ सिटी, कोतवाली प्रभारी एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) से लगातार संपर्क बनाए रखने और आवश्यक स्तर पर प्रयास जारी रखने का निर्णय लिया गया।

अध्यक्ष जमाल अर्पण ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल व्यापारियों को एक मंच पर लाना ही नहीं, बल्कि उनके हितों की प्रभावी रक्षा करना और मऊ के साड़ी उद्योग को नई पहचान दिलाना भी है। वहीं महासचिव शफीकुर्रहमान कोठारी ने सभी सदस्यों से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अधिक से अधिक व्यापारियों और युवाओं को एसोसिएशन से जोड़ने का आह्वान किया।

बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष मौलवी इकबाल मोहम्मदी, मुख्य कार्यकारिणी सदस्य इकबाल बनारसी, अनिल वाधवानी, अरशद जमाल अल्मास, शफीक डायमंड तथा युवा टीम से मोहम्मद फ़ौज़ान, अफ़ज़ल वंडर एवं नदीम जेमिनी सहित सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।