वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत "एक पेड़ मां के नाम" अभियान में जिलाधिकारी ने किया वृक्षारोपण

वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत संचालित "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत आज जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण कर जनपदवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।
वृक्षारोपण के उपरांत जिलाधिकारी  आनंद वर्द्धन ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी मातृशक्ति के सम्मान एवं भावी पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का जनआंदोलन है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम अवश्य लगाए तथा उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही जनपद को हराभरा एवं पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प दोहराया। अभियान के दौरान पुलिस लाइन परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
Uploaded Image Uploaded Image