आम आदमी पार्टी मऊ के जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में आज उपनिबंधक (रजिस्ट्री) कार्यालय, सदर मऊ पर दस्तावेज लेखक, अधिवक्ता एवं स्टाम्प वेंडरों की समस्याओं तथा ई-रजिस्ट्रेशन व्यवस्था से उत्पन्न चिंताओं को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों के माध्यम से प्रदेश सरकार एवं महानिरीक्षक निबंधन को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि तकनीक और डिजिटलीकरण का उद्देश्य जनता को सुविधा, पारदर्शिता एवं भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था प्रदान करना होना चाहिए, लेकिन किसी भी नई व्यवस्था के कारण वर्षों से कार्यरत दस्तावेज लेखक, स्टाम्प वेंडर एवं अधिवक्ताओं की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए। साथ ही आम जनता को भी किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई, अतिरिक्त आर्थिक बोझ अथवा अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
विक्रम जीत सिंह ने कहा कि दस्तावेज लेखक, स्टाम्प वेंडर एवं अधिवक्ताओं द्वारा पत्र के माध्यम से आम आदमी पार्टी से सहयोग एवं हस्तक्षेप की मांग की गई थी। उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पार्टी ने इस मुद्दे को जनहित एवं रोजगार सुरक्षा से जुड़ा विषय मानकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।
उन्होंने कहा कि सरकार को ई-रजिस्ट्रेशन व्यवस्था लागू करने से पूर्व सभी संबंधित पक्षों से व्यापक संवाद स्थापित करना चाहिए तथा ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए जिससे पारदर्शिता भी बनी रहे और हजारों परिवारों की आजीविका पर कोई प्रतिकूल प्रभाव भी न पड़े। नई व्यवस्था में कार्यरत लोगों को प्रशिक्षण देकर समायोजित किया जाए तथा जनता को सरल, सुलभ एवं समयबद्ध पंजीकरण सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने प्रशासन के माध्यम से महानिरीक्षक निबंधन एवं प्रदेश सरकार से इस विषय पर स्पष्ट एवं लिखित आश्वासन देने की मांग की कि दस्तावेज लेखक, स्टाम्प वेंडर एवं अधिवक्ताओं के हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी तथा उनकी समस्याओं का समाधान वार्ता एवं सहमति के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी तकनीक और पारदर्शिता की समर्थक है, लेकिन रोजगार छीनकर अथवा जनता को असुविधा में डालकर किसी भी व्यवस्था को लागू करना उचित नहीं है। सरकार को जनहित, रोजगार सुरक्षा और प्रशासनिक पारदर्शिता के बीच संतुलन स्थापित करते हुए निर्णय लेना चाहिए।
विक्रम जीत सिंह ने कहा कि यदि संबंधित पक्षों की जायज मांगों की उपेक्षा की गई और संवाद स्थापित नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी जनहित एवं रोजगार सुरक्षा के प्रश्न पर संघर्ष करने के लिए बाध्य होगी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अरमान खान, संतोष कुमार, मंगल पांडेय, अर्जुन सिंह, संजय राजभर, अवधेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक, स्टाम्प वेंडर, आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में रोजगार सुरक्षा, जनहित एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग का समर्थन किया।
