21 जून को डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, भुजौटी में होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन


Uploaded Image

आयुष विभाग, भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद मऊ में 15 से 21 जून 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "Yoga for Healthy Ageing (स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग)" है।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी एवं जनपद स्तरीय योग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी एवं योग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राजीव चौधरी के संयुक्त तत्वावधान में जनपद के सार्वजनिक स्थलों, अमृत सरोवरों, प्रमुख नदी तटों, विद्यालयों, पार्कों एवं अन्य स्थानों पर प्रतिदिन सामूहिक योगाभ्यास कराया जा रहा है। जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा 23 राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालयों में भी नियमित योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें सभी आयु वर्ग के लोग उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य जनपद स्तरीय कार्यक्रम 21 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 6:45 से 7:45 बजे तक डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, भुजौटी, मऊ में आयोजित होगा। कार्यक्रम शासन द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार जिलाधिकारी मऊ के मार्गदर्शन में संपन्न होगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता रहेगी।
कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास, योगासन प्रदर्शन, उत्कृष्ट प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का सम्मान तथा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ. राजीव चौधरी, सह-नोडल अधिकारी डॉ. अरविंद श्रीवास्तव एवं सह-नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश चंद चौधरी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को जन-जन का उत्सव बनाने में सहयोग करें।