जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने तहसील सदर में जनसुनवाई कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के दौरान संबंधित शिकायतकर्ता से वार्ता अवश्य की जाए, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि शिकायतकर्ता निस्तारण से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील सदर में कुल 116 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 04 शिकायतों के निस्तारण हेतु राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा गया। प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 70 शिकायतें राजस्व विभाग, 16 शिकायतें विकास विभाग, 11 शिकायतें पुलिस विभाग तथा शेष अन्य विभागों से संबंधित थीं।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही का परिचय दें तथा शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, उप जिलाधिकारी सदर अवधेश चौहान, तहसीलदार शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
