आम आदमी पार्टी, मऊ के जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में आज पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी, मऊ को विभिन्न जनहित समस्याओं को लेकर तीन महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे। प्रतिनिधिमंडल ने जनपद की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, निजी अस्पतालों द्वारा मरीजों के आर्थिक शोषण, स

रकारी भूमि पर अवैध कब्जों तथा सड़क निर्माण कार्यों में भारी अनियमितता एवं भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
रकारी भूमि पर अवैध कब्जों तथा सड़क निर्माण कार्यों में भारी अनियमितता एवं भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
पहले ज्ञापन में जनपद के सरकारी अस्पतालों की अव्यवस्था एवं निजी अस्पतालों की मनमानी का मुद्दा उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी, जांच सुविधाओं की बदहाल स्थिति एवं अव्यवस्था के कारण गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवार मजबूरी में निजी अस्पतालों का सहारा लेने को विवश हैं। वहीं कई निजी अस्पताल मरीजों एवं उनके परिजनों से कैश में भारी रकम वसूल रहे हैं, लेकिन उचित बिल तक नहीं दिया जा रहा, जिससे आम जनता का खुलेआम आर्थिक शोषण हो रहा है। पार्टी ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
दूसरे ज्ञापन में जनपद की सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर बढ़ते अवैध कब्जों का मामला उठाया गया। पार्टी ने प्रशासन से मांग की कि भूमाफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराया जाए तथा आम जनता की संपत्तियों एवं अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
तीसरे ज्ञापन में बहरीपुर संपर्क मार्ग सहित विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों में हो रही लापरवाही, मानकविहीन कार्य एवं भ्रष्टाचार की शिकायत की गई। ज्ञापन में कहा गया कि निर्माण कार्य अत्यंत धीमी गति एवं गुणवत्ता विहीन तरीके से कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के पश्चात पार्टी के कैंप कार्यालय पर प्रदेश प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा की उपस्थिति में बैठक एवं प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान स्मार्ट मीटर की गलत रीडिंग, बढ़ते बिजली बिल एवं जनता के आर्थिक शोषण का मुद्दा भी उठाया गया।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा—
“आज जनपद मऊ में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह बदहाल होती जा रही है। गरीब मरीज इलाज के लिए परेशान हैं, सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं का अभाव है और निजी अस्पतालों में खुलेआम आर्थिक शोषण हो रहा है। भूमाफियाओं द्वारा सरकारी जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है तथा सड़क निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार व्याप्त है। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता से मनमानी वसूली की जा रही है। आम आदमी पार्टी जनता की आवाज बनकर हर जनहित मुद्दे पर संघर्ष करती रहेगी।”
प्रदेश प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा—
“जनता आज स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क और रोजगार जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। सरकार प्रचार में व्यस्त है जबकि जमीनी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। निजी अस्पतालों की लूट, भ्रष्टाचार, स्मार्ट मीटर की गलत बिलिंग और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ आम आदमी पार्टी लगातार जनता की आवाज उठाती रहेगी।”
पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन ने जनहित के इन गंभीर मुद्दों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो आने वाले समय में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
आज के कार्यक्रम में पुष्पेंद्र राणावत, अवधेश मौर्य, अंकित राव, अरमान खान, रामचंद्र कुमार, संजय राजभर आदि साथी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
