मऊ। समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से गायत्री परिवार द्वारा रविवार को गायत्री मंदिर से एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने हाथों में जागरूकता संदेशों से युक्त तख्तियां लेकर नगर के विभिन्न मार्गों पर भ्रमण किया तथा लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे की लत से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं संस्कारित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। रैली के दौरान लोगों से नशा छोड़ने और अपने परिवार व समाज को सुरक्षित रखने का आह्वान किया गया।
इस दौरान सामाजिक संस्था द मऊ क्लब ने मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए रैली में शामिल सभी लोगों के लिए ठंडे पानी और पेड़े की व्यवस्था की। भीषण गर्मी को देखते हुए क्लब के सदस्यों ने श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत कर उन्हें जलपान कराया। मऊ क्लब के अध्यक्ष लाल बहादुर जायसवाल ने बताया कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है” की भावना के साथ क्लब निरंतर सामाजिक कार्यों में भागीदारी करता रहा है। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार द्वारा चलाया जा रहा नशा मुक्ति अभियान अत्यंत सराहनीय है और ऐसे जनहितकारी कार्यों में सहयोग करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कार्यक्रम संयोजक वेद नारायण मिश्रा व सहसंयोजक संतोष राजवती ने कहाकि पानी और पेड़ा वितरण जैसे छोटे-छोटे सेवा कार्य लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। इस सेवा कार्य को कर क्लब के सभी सदस्य स्वयं को गौरवान्वित और संतुष्ट महसूस कर रहे हैं।
गायत्री परिवार के उपजोन समन्वयक प्रमोद कुमार राय ने कहा कि नशा आज देश, समाज और परिवारों को अंदर ही अंदर खोखला कर रहा है। नशे की वजह से अनेक परिवार बर्बाद हो रहे हैं और युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। इसी गंभीर समस्या को लेकर गायत्री परिवार के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भले ही इस अभियान में अभी कुछ ही लोग जुड़े हों, लेकिन जागरूकता की यह छोटी शुरुआत भविष्य में एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकती है। श्री राय ने मऊ क्लब द्वारा किए गए स्वागत और जलपान की सराहना करते हुए क्लब के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों का सहयोग ऐसे अभियानों को नई ऊर्जा प्रदान करता है और समाज में जनजागरण के कार्य को और अधिक प्रभावी बनाता है। नशा मुक्त समाज की स्थापना के लिए सभी नागरिकों को मिलकर आगे आने की आवश्यकता है।
