मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत युगलों को प्रदान की जाने वाली सामग्री की क्रय प्रक्रिया एवं विवाह कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विवाह कार्यक्रम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के सफल संचालन, पारदर्शिता तथा शासन की मंशा के अनुरूप व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग एवं सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की पुत्रियों का विवाह कराया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक जोड़े को कुल एक लाख रुपये का लाभ प्रदान किया जाता है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत कन्या के दांपत्य जीवन को सुखमय एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 60 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाती है। इसके अतिरिक्त 25 हजार रुपये की धनराशि से नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी उपयोगी वैवाहिक उपहार सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। वहीं विवाह कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु भोजन, पांडाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये व्यय किए जाते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पूर्व में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में वितरित की गई सामग्री के वर्तमान बाजार मूल्य का आकलन करते हुए टेंडर प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तिथि से पूर्व सभी आवश्यक सामग्री की खरीद प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाए, जिससे कार्यक्रम के आयोजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि सामग्री क्रय एवं टेंडर प्रक्रिया शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही संपन्न कराई जाए तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पूरी पारदर्शिता एवं सुगमता के साथ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य कोषाधिकारी संजय कुमार गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय, जिला समाज कल्याण अधिकारी विकास रश्मि मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
