संविधान से जुड़ रहा समाज, प्रयास का अनोखा अभियान सफल


Uploaded Image

आज प्रयास वेल्फेयर सोसाइटी द्वारा नगर पालिका परिषद मऊ के चेयरमैन जनाब अरशद जमाल के पहाड़पुरा स्थित आवास पर भारतीय संविधान की उद्देशिका भेंट कर एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जो सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, सदस्यगण एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। चेयरमैन अरशद जमाल ने प्रयास वेल्फेयर सोसाइटी द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने विशेष रूप से संस्था की रक्तदान सेवा तथा “नेकी की दीवार” जैसी मानवता-सेवा आधारित पहल को समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्य न केवल जरूरतमंदों की सहायता करते हैं, बल्कि समाज में इंसानियत, भाईचारा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने संस्था में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल देते हुए अपनी पत्नी एवं नगर पालिका परिषद की पूर्व अध्यक्ष शाहीना साहिबा को संस्था से जोड़ने की बात कही।
उन्होंने यह भी कहा कि संविधान की उद्देशिका भेंट करने जैसी पहल समाज को संवैधानिक मूल्यों — न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व — से जोड़ने तथा नागरिक चेतना को जागृत करने का एक प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर शहर के सुप्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता एवं सईदी एजुकेशनल सोसाइटी के डायरेक्टर मजहर मेजर, सईदुर्रहमान अंसारी (NSUI) सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संस्था के सदस्यों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आम जनमानस तक संविधान की मूल भावना पहुँचाना तथा समाज में जागरूकता और उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में सम्पन्न हुआ। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने ऐसे सामाजिक, शैक्षिक एवं जागरूकता अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।