ईद-उल-फितर एवं चैत्र नवरात्रि पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई संपन्न।

आगामी ईद-उल-फितर एवं चैत्र नवरात्रि पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों द्वारा बिजली विभाग, साफ सफाई, सूअर को सूअरबाड़े में रखने, ईदगाहों पर नमाज अदा के दौरान महिलाओं के रहने पर महिला पुलिस की व्यवस्था, खराब रास्तों को ठीक कराने, नवरात्रि के दौरान मंदिरों में महिला पुलिस की ड्यूटी लगाने, नवरात्रि के मेले में पुलिस की ड्यूटी, सहित अन्य समस्याओं के बारे में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। जिलाधिकारी पूर्व में सभी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने पर सभी लोगों को बधाई दी एवं आगामी त्यौहार की बधाई देते हुए कहा कि आज की बैठक में उठाई गई समस्याओं का समाधान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखें। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने नगर निकाय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जाए तथा त्योहारों के दौरान पेयजल और विद्युत आपूर्ति बाधित न होने पाए। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं तथा एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिया गया कि बाजारों में मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच अभियान चलाया जाए। बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं जनप्रतिनिधियों से भी अपील की गई कि वे आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शांति एवं सद्भाव बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। 
     बैठक में पुलिस अधीक्षक इलामरन जी, अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, नगर, निकाय के अधिकारी, विद्युत, जल निगम, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।