22 फरवरी को होगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन

 उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण,लखनऊ द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुक्रम में तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,मऊ संजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,मऊ के तत्वाधान में दिनांक 22 फरवरी 2026 को कम्युनिटी हाॅल, मऊ में वृहद विधिक  सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन होना है। इस शिविर में समस्त सरकारी विभागों से समन्वय स्थापित करके निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चों, स्त्रियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के कल्याण हेतु चलाई जा रही योजनाओं का प्रदर्शन एवं प्रचार-प्रसार किया जाएगा। विभिन्न प्रकार की जन लाभकारी योजनाओं के लिए पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाएगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्ग, महिलाओं, बच्चों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक व दिव्यांगजनों को विधिक रूप से सशक्त बनाना, न्याय तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाना है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण,नई दिल्ली एवं उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार लगने वाले इस शिविर के माध्यम से लोगों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाएगा।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,मऊ साक्षी सिंह ने बताया कि इसमें प्रतिभाग करने के लिए जनमानस को निरन्तर प्राविधिक


स्वयंसेवकों के माध्यम से प्रेरित किया जा रहा है तथा सरकारी योजना के लाभ की विस्तृत जानकारी भी दी जा रही है।उक्त वृहद शिविर से पहले जनपद के विभागों द्वारा लघु शिविर लगाये जा रहे हैं, जहां पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें 22 फरवरी 2026 को योजनाओं का सीधा लाभ दिलाया जाएगा।