आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ किया दुर्गा पूजा पंडालों, विसर्जन मार्गों एवं रामलीला स्थलों का निरीक्षण


आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी आंनंद वर्द्धन ने पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के साथ कल देर शाम जनपद मुख्यालय स्थित महत्वपूर्ण दुर्गा पूजा पंडालों के लिए चिन्हित स्थलों, विसर्जन मार्गों एवं रामलीला मंचन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नगर क्षेत्र में मिर्जा हादीपुर से संस्कृत पाठशाला तक पैदल मार्च कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बाजारों एवं प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ ही आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने मार्गों की स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा इंतजामों का स्वयं निरीक्षण किया तथा मार्गों पर अव्यवस्थित ढंग से लटक रहे बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान भीड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ही निरंतर निगरानी रखी जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए त्योहारों से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि आगामी त्योहार शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से संपन्न हों।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी  प्रवेंद्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक  अनूप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट  रामबाबू, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, थानाध्यक्ष दक्षिणटोला, प्रभारी यातायात सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
Uploaded Image Uploaded Image