निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में 214 मरीजों का परीक्षण,दवाओं का भी किया गया वितरण

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। ग्राम कसारी खुरहट स्थित पवहारी बाबा कुटी प्रांगण, खुरहट बाजार में विवान हॉस्पिटल एंड क्रिटिकल केयर सेंटर तथा त्रिपाठी चित्र मंदिर, मुहम्मदाबाद गोहना के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 214 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के साथ निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन समाजवादी पार्टी के भूतपूर्व जिला अध्यक्ष धर्म प्रकाश यादव, अयोध्या के सहयोग एवं डॉ. आर्यन उपाध्याय के सौजन्य से किया गया। शिविर के सफल संचालन में अमित उपाध्याय, डॉ. शिव प्रकाश सिंह सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर के दौरान मरीजों की विभिन्न आधुनिक जांचें निशुल्क की गईं, जिनमें ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, लिपिड प्रोफाइल, ईसीजी, HbA1c, सीरम प्रोस्टेट स्पेसिफिक एंटीजन (PSA) तथा पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट प्रमुख रूप से शामिल रहे। जांच के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार निशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर जांच और उपचार मिल सके। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस पहल की सराहना की।