वैदिक योगशाला के तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया


कोल्हापुर, महाराष्ट्र में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय योगासन स्कूल गेम्स 2024-25 में उत्तर प्रदेश की टीम में मऊ जिले के वैदिक योगशाला के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई है। ये खिलाड़ी न केवल जिले बल्कि मंडल और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

अंडर-17 बॉयज कैटेगरी में बैजापुर निवासी गगन (कक्षा 10, मा. शकुंतला इंटर कॉलेज-अमारी) का चयन हुआ है।
अंडर-17 गर्ल्स कैटेगरी में फैजुल्लाहपुर निवासी पूजा (कक्षा 10, नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज) और
अंडर-19 गर्ल्स कैटेगरी में फैजुल्लाहपुर निवासी रंजू प्रजापति (कक्षा 12, डीएवी इंटर कॉलेज) का चयन हुआ है।

इन सभी खिलाड़ियों ने नेशनल कोच राजन वैदिक के कुशल मार्गदर्शन में वैदिक योगशाला में योगासन खेल की बारीकियां सीखी हैं।

राजन वैदिक, जो जिला योगासन खेल संघ मऊ के सचिव और योगासन खेल के नेशनल जज हैं, ने बताया कि जिला योगासन खेल संघ मऊ के गठन के बाद से पिछले तीन वर्षों में जिले के 8 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

इन खिलाड़ियों के चयन से उनके विद्यालयों में उत्सव जैसा माहौल है। विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और साथी छात्रों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की है।

यह सफलता योग और खेल के क्षेत्र में जिले के विकास और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का उदाहरण प्रस्तुत करती है।

जिला योगासन खेल संघ मऊ और वैदिक योगशाला ने इन खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।