कर विभाग में कार्यरत् त्रिभुवन राय सेवानिवृत्त, पालिकाध्यक्ष ने समस्त बकायों की अदायेगी का दिया निर्देश- अरशद जमाल


मऊनाथ भंजन। नगर पालिका में टैक्स विभाग में कार्यरत् कर्मचारी त्रिभुवन राय आज सेवानिवृत्त हो गये। उन्होंने 19.03.1985 को पालिका में चुंगी चपरासी का पदभार ग्रहण किया था जबकि वे आज 30.11.2024 को सेवानिवृत्त हो गये। ज्ञातब्य रहे कि उन्होंने अपने लम्बे कार्य काल के दौरान पैरोकार एवं टैग्स क्लेक्टर की जिम्मेदारियां भी बखूबी निभाई हैं। उन्होंने पालिका को 39 वर्ष तक कुशल एवं संतोषजनक सेवायें दीं। उनके रिटायर होने पर आज पालिका में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस सेवानिवृत्त सम्मान समारोह में पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल व अधिकारियों द्वारा उन्हें अंगवस्त्र एवं धार्मिक ग्रंथ भेंट कर मालार्पण करते हुये सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने त्रिभुवन राय के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें हर प्रकार के बकायों को शीघ्रातिशीघ्र अदा करने का निर्देश देते हुये कहा कि मैं चाहता हूँ कि कर्मचारी जब रिटायर हों तो उसी दिन उनके सभी बकाये की राशि चेक के रूप में उनके हवाले कर दी जाये। उन्होंने कहा कि त्रिभुवन राय ने अपने 39 वर्षीय कार्यकाल में स्वच्छ छवि एवं जिम्मेदारी से काम किया है। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है कि इनती बड़ी मुद्दत में व्यक्ति की छवि साफ सुथरी बनी रहे। इसके लिये उन्हें याद किया जायेगा। अध्यक्ष जी ने कहा कि जो लोग स्वच्छ, साफ एवं कुशल रूप से कार्य करते हुये बेहतर सेवायें देते हैं समाज में अवश्य उनकी सराहना की जाती है। अध्यक्ष जी ने सभी कर्मचारियों को भी अपने दायित्वों के प्रति समर्पित भाव से कुशल एवं दक्षतापूर्ण कार्य करने की सलाह दी।

इस अवसर पर अपने सम्बोधन में कर अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि यह जीवन का सच है कि हमें अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुये उम्र के एक पड़ाव पर अपनी सेवाओं से विमुक्त होना पड़ता है पर हम अपने कार्यकाल में किये गये उत्कृष्ट कार्याें एवं स्वच्छ छवि के प्रति हमेशा याद किये जाते हैं। उन्होंने उनकी सेवाओं की तारीफ करते हुये कहा कि अध्यक्षजी के निर्देशानुसार त्रिभुवन राय को एक सप्ताह के अन्दर सभी प्रकार की बकाया जिस में अवकाश नगदीकरण, पी0एफ0 एवं बीमा की धनराशि शामिल है अदा कर दी जायेगी। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

राजस्व निरीक्षक अमृता राय ने अपने मन्तब्य में कहा कि त्रिभुवन राय अपने कार्याें के प्रति समर्पित कर्मचारी रहे हैं। इन्होंने स्वयं को विभागीय अपेक्षाओं के प्रति सतर्क रखते हुये काम किया है। इनकी छवि एक मृदुलभाषी, कर्मठ और परिश्रमी कर्मचारी के रूप में बनी रही है जिसके चलते विभाग के सभी लोगों से इनका बेहतर समन्वय बना रहा। अपनी इस विशेष प्रवृत्ति के चलते इन्हें याद रखा जायेगा।

उपरोक्त सेवानिवृत्त सम्मान समारोह के अवसर पर पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल, सभासद शफीकुर्रहमान, कर अधीक्षक-संतोष कुमार, राजस्व निरीक्षक-अमृता राय, अनित सिंह, मोहम्मद फैसल के इलावा अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। अधिष्ठान लिपिक धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने समारोह का संचालन किया।