खेलो इंडिया योगासन विमेंस लीग के तीसरे और अंतिम दिन महिला खिलाड़ियों ने अपने अद्वितीय योगासन कौशल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस प्रतियोगिता के नॉर्थ जोन में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, लद्दाख, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा की 450 से अधिक महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। यह लीग 12 से 18 वर्ष और 18 से 55 वर्ष के दो आयु वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न योगासन इवेंट्स शामिल थे।
**योगासन खिलाड़ी रंजू प्रजापति और खुशबू ने अस्मिता खेलो इंडिया विमेंस लीग नॉर्थ जोन में लहराया परचम**
जनपद मऊ की दो होनहार छात्राएं, रंजू प्रजापति और खुशबू, जिन्होंने डीएवी इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं की पढ़ाई करते हुए, खेलो इंडिया विमेंस लीग के नॉर्थ जोन योगासन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए, इन दोनों खिलाड़ियों ने योगासन में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर प्रतियोगिता में पांचवा स्थान हासिल किया और खेलो इंडिया नेशनल चैम्पियनशिप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
रंजू प्रजापति और खुशबू के इस अद्वितीय प्रदर्शन के लिए उन्हें खेलो इंडिया की ओर से ₹3000 का चेक और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर, डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य देव भास्कर तिवारी, और डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन मऊ के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष शैलेंद्र मिश्रा, सचिव राजन विश्वकर्मा, संयुक्त सचिव प्रशांत राय, रामनिवास मौर्या, मंजू चौरसिया, कोषाध्यक्ष राजेश गोस्वामी, और अन्य सभी सदस्यों ने इनको हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस उपलब्धि पर विद्यालय और योगासन संघ के अधिकारियों ने इस जीत को न केवल विद्यार्थियों की मेहनत का फल बताया, बल्कि इसे शिक्षकों और कोचों के समर्पण और उचित मार्गदर्शन का परिणाम भी बताया। डिस्ट्रिक योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन मऊ के अध्यक्ष, मृत्युंजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि, "यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि हमारे जिले की बेटियों ने न केवल राज्य, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी योग्यता साबित की है। उनके इस प्रयास से आने वाली पीढ़ी के लिए एक मिसाल कायम हुई है।"
रंजू प्रजापति और खुशबू का यह सफर यहीं नहीं रुकता। उन्हें अब राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली नेशनल कॉम्पिटिशन में अपने योगासन कौशल को दिखाने का एक और मौका मिलेगा। यह प्रतियोगिता 1 अक्टूबर से 3 अक्टूबर 2024 तक इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी।
उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हुए इन खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि अगर दृढ़ निश्चय और कड़ी मेहनत हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। यह उनके आत्मविश्वास और साहस का ही परिणाम है कि आज वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं।
मऊ से अन्य खिलाड़ियों राजनंदनी सुनिधि संजना पूजा व काजल ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मऊ जिले के योगासन खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्थानीय प्रशासन, शिक्षण संस्थान और विभिन्न खेल संघों का सहयोग सराहनीय है। भविष्य में भी, इस प्रकार के सहयोग से और भी अधिक खिलाड़ी उभरकर सामने आएंगे और जिले का नाम देश भर में रोशन करेंगे।
डिस्ट्रिक योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन मऊ के सचिव, राजन विश्वकर्मा ने कहा, "हम सभी को रंजू और खुशबू पर गर्व है। उनके इस प्रदर्शन से अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और मऊ जिले के युवाओं में योगासन के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ेगी। हमें उम्मीद है कि वे नेशनल कॉम्पिटिशन में भी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और जिले का नाम और ऊंचा करेंगे।"
इस महत्वपूर्ण अवसर पर, सभी ने मिलकर रंजू प्रजापति और खुशबू के उज्जवल भविष्य की कामना की और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहने की सलाह दी।
