रतनपुरा क्षेत्र में चिकित्सकीय व्यवस्था के सुधार को लेकर सीएमओ से मिले नेता, सौंपा ज्ञापन

 
जनपद मऊ के रतनपुरा ब्लाक अंतर्गत रतनपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को पुनः पुनर्जीवित करने, वहां पर किसी चिकित्सक की तैनाती करने के लिए तथा उच्चीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुरा (जोगापुर ) में शासन द्वारा लगभग एक दर्जन से अधिक चिकित्सकों के पद स्वीकृत तथा निर्धारित किए गए हैं परन्तु इस अभाव को दूर करने के लिए विशेषज्ञों  खास तौर पर हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जन, नेत्र चिकित्सक आदि की तैनाती को लेकर समाजवादी नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता निसार अहमद तथा कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय बहादुर सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी मऊ को एक ज्ञापन सौंपकर मरीजों एवं उनके परिजनों को होने वाले समस्याओं से अवगत कराते हुए छुटकारा दिलाने की अपील किया। सीएमओ से वार्ता के क्रम में नेता द्वय ने कहा कि अचानक बिजली गुल हो जाने पर उपस्थित चिकित्सकों को मोबाइल टार्च की रौशनी में मरीजों को देखना तथा दवाई का पर्चा लिखना पड़ता है, जबकि यहां पूर्व से जनरेटर की व्यवस्था होने के बाद भी तेल की कमी बताकर उसे चालू नहीं किया जाता है जिस कारण एक्स-रे का काम भी ठप पड़़ जाता है। ऐसी परिस्थितियों में गंभीर रूप से पीड़ित मरीजों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। हालांकि कि आधुनिक डिजिटल युग में उच्चीकृत सामुदायिक केंद्र पर डिजिटल एक्स-रे मशीन की अत्यंत आवश्यकता है। उन लोगों ने सीएमओ से यह भी आग्रह किया कि यहां किसी सक्षम अधीक्षक की नियुक्ति की जाय क्योंकि वर्तमान अधीक्षक से मरीज एवं उनके परिजन संतुष्ट नहीं हैं। रतनपुरा बाजार में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जिसका रख-रखाव एवं देख-रेख के अभाव में वहां के चिकित्सकों के आवासीय भवन,उनका परिसर तथा चिकित्सालय भवन जर्जर तथा बर्बादी की भेंट चढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में वहां बंद पड़े चिकित्सकीय परीक्षण एवं जांच कार्य प्रारंभ हो जाय तो क्षेत्रीय नागरिकों को त्वरित लाभ के साथ साथ चिकित्सालय तथा चिकित्सक आवासों का सदुपयोग हो सकेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राहुल सिंह ने उक्त मामलों को गंभीरता से विचार कर पत्रक तथा मौखिक बातों का संज्ञान लेते हुए एक सप्ताह में समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया है।