प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का सर्वे 2024 शीघ्र होगा प्रारंभ।


प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सर्वे 2024 का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा। इस संबंध में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज कैंप कार्यालय पर बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान परियोजना निदेशक रामबाबू त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सर्वे 2024 के पहले आवास हेतु लाभार्थियों के पात्रता में कुछ बदलाव किए गए हैं। पहले 13 मानकों के आधार पर पात्रता का चयन किया जाता था जिन्हें घटाकर अब 10 मानक कर दिए गए हैं।नए मानकों के अनुसार अब दो पहिया वाहन धारक फ्रिज /रेफ्रिजरेटर धारक तथा 15000 तक प्रतिमाह वेतन पाने वाला भी प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण हेतु पात्र होगा। पहले यह धनराशि ₹10000 थी। इसके अलावा 2.5 एकड़ सिंचित भूमि अथवा 5 एकड़ तक असंचित भूमि वाला लाभार्थी भी पात्र होगा। उन्होंने बताया कि समस्त खंड विकास अधिकारी अथवा सहायक अधिकारी अगले एक सप्ताह तक रोस्टर के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सर्वे 2024 उन्मुखीकरण गोष्ठी  के नाम से बैठक करेंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण लाभार्थी चयन 2024 रजिस्टर उपस्थित होगा।परियोजना निदेशक ने प्रत्येक खंड विकास अधिकारी को अपने ब्लॉक पर एक मॉडल हाउस बनाने तथा प्रधानों एवं सचिवों के माध्यम से उसी के अनुरूप आवास बनाए जाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिला अधिकारी ने नए मानकों में हुए बदलाव का व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए, जिससे पात्र लाभार्थियों का चयन हो सके। लाभार्थियों के चयन के दौरान जनपद स्तरीय अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी पांच चयनित गांव का सत्यापन करेंगे। इसके अलावा प्रत्येक खंड विकास अधिकारी 10 अन्य गांव का भी रैंडमली सत्यापन करेंगे। जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को शासनादेश के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने नए मानकों के अनुरूप ही पात्र लाभार्थियों का चयन करने को कहा। चयन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी जिलाधिकारी द्वारा दी गई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रशांत नागर,परियोजना निदेशक रामबाबू त्रिपाठी, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।