समाजवादी बाबा साहेब वाहिनी ने बैठक कर सपा प्रत्याशी को जिताने की बनाई रणनीति


मऊ। इंडिया गठबंधन तथा समाजवादी पार्टी की ओर से घोसी लोकसभा सीट से प्रत्याशी राजीव राय को जिताने के लिए समाजवादी बाबा साहेब वाहिनी ने बैठक कर रणनीति बनाई।
   घोसी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी तथा इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी राजीव राय ने कहा कि समाज के इस महत्वपूर्ण वर्ग के साथ सदियों से अन्याय होता रहा। लड़ाई इस बात की है कि इस बार के चुनाव के बाद लोकतंत्र बच पाएगा कि नहीं? जिनके साथ हमारी लड़ाई है, उन्होंने आजादी के 53-54 वर्षों तक अपने यहां तिरंगा तक नहीं फहराया। संभव है कि कम पढ़े-लिखे लोगों को यह समझ में नहीं आए कि संविधान क्यों खतरे में है? आपका समाज अति दलित और पिछड़ों का है। उनका बच्चा जब पढ़-लिख लेगा तो अपना अधिकार मांगेंगा। यह बात सत्ता पक्ष को अच्छी नहीं लगती है। आपका बच्चा सोशल मीडिया पर कुछ लिख देगा तो पुलिस उसके घर पहुंच जाएगी। इस समय सत्ता पक्ष रिजर्वेशन खत्म करने का प्रयास कर रहा है। जिस दिन उन्हें दो-तिहाई बहुमत मिल गया, वह संविधान को बदल देंगे। उन्होंने कहा कि 2014 और 2019 में जीतने वाले चुनाव के बाद नजर नहीं आए लेकिन इस बीच हर घटना-दुर्घटना के समय मैं क्षेत्र की जनता के बीच मौजूद रहा। विक्टोरिया में बाढ़ आई तो अनाज, दवाई और तिरपाल लेकर जनता के बीच रहा। कोरोना में भी आक्सीजन और दवा पहुंचाई। मलेशिया में फंसे 15 बच्चों को वापस उनके घर पहुंचाया। उन्होंने क्षेत्र की जनता को अपने वचन, कर्म और वाणी से निराश नहीं करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया कि अभी भी वोटरलिस्ट में नाम बढ़ रहे हैं। अपने यहां के कटे नाम जोड़वा लें। 
    अध्यक्षता कर रहे समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने सभी से पूरी क्षमता के साथ अपने प्रत्याशी राजीव राय को विजयी बनाने का आह्वान किया। साथ ही बूथों पर खास ध्यान देने की जरूरत समझाई। पूर्व डीआईओएस शिवचंद राम ने तीन मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी तथा गठबंधन की हमारे समाज के लिए क्या नीतियां हैं? विरोधी दल की नीतियों में क्या कमियां हैं? स्थानीय उम्मीदवार की नीतियों के साथ वचनबद्धता, सुख-दुख में भागीदारी। इन तीन बातों को लेकर हमें जनता के बीच जाना है। वह बोले, दलित समाज के पौने पांच लाख मतदाता हैं। यदि एक हजार बूथों पर प्रति बूथ 50 वोट भी बढ़ा पाए तो जीत सुनिश्चित है। 
  संचालन कर रहे बाबा साहेब वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव राम दुलारे राम ने बाबा साहेब की वजह से संविधान में मिले आरक्षण को खतरा बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव में मात्र 60 दिन बाकी हैं। हमें सारा ध्यान बूथ जीतने पर लगाना है। उन्होंने प्रत्याशी राजीव राय की तारीफ करते हुए कहा कि 10 वर्ष पूर्व चुनाव हारने के बाद भी लगातार वह क्षेत्र में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि एक परिवार में औसतन पांच सदस्य होते हैं। हर बूथ पर यदि हम पांच छह नये परिवार जोड़ पाते हैं तो हमारी विजय निश्चित है। 
अशोक गौतम ने कहा कि गठबंधन के अनुसूचित जाति-जनजाति के साथियों की इस बैठक का एकमात्र उद्देश्य है कि हम अपने समाज के अधिक से अधिक लोगों को एकत्र कर उनका अधिक से अधिक वोट डलवा सकें। इंडिया गठबंधन की रामलीला मैदान में हुई रैली यह बता रही है कि भाजपा की जमानत जब्त हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि इस बार भाजपा की सरकार बनी तो संविधान और लोकतंत्र दोनों खत्म हो जाएंगे। बैठक को जिला पंचायत सदस्य राम दुलारे,  सोचन भारती, कांग्रेस के जिला सचिव शिवाजी कन्नौजिया, सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के जिला उपाध्यक्ष दीनानाथ भारती, अवकाश प्राप्त प्रवक्ता डीसी सोनकर, बाबा साहेब वाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव शिवचंद राम, सपा के जिला सचिव मुन्नू राम, बाबा साहेब वाहिनी के जिलाध्यक्ष सुभाष राव, सपा छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष अखिलेश गौतम, अशोक गौतम, राम जन्म सागर, राम दुलारे राम, रत्नेश भारतीय, शिवाजी कन्नौजिया, अवकाश प्राप्त प्रवक्ता डीसी सोनकर, कांग्रेस के गाजीपुर लोकसभा क्षेत्र प्रभारी हरिश्चंद्र दुर्बेडकर, संयुक्त किसान मोर्चा के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के राघवेन्द्र कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य तथा सपा के जिला सचिव मन्नू राम जी आदि ने संबोधित किया।