मौसम आज करवट ले सकता है। मऊ जनपद में तेज आंधी व बारिश की संभावना बताई जा रही है पंजाब और हरियाणा के उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश के साथ धूल भरी आंधी और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पंजाब हरियाणा के शेष हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में हल्की धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, दक्षिण उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में अलग-अलग हिस्सों में भीषण लू के साथ हीट वेव की स्थिति हो सकती है। यानि उत्तरी हरियाणा में तापमान में 2.0 से 3.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है, वहीं दक्षिण हरियाणा में लू के थपेड़े बेहाल करेंगे।
मानसून को लेकर क्या बनी हैं स्थितियां
मौसम विभाग के मुताबिक केरल के कई हिस्सों में 21 मई तक मध्यम से भारी बारिश के साथ छिटपुट बहुत भारी बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में थोड़ी गिरावट हो सकती है। केरल में मानसून की शुरूआत 26 मई के आसपास होने की उम्मीद है। बारिश के लिहाज से जून के पहले 10 दिन केरल के लिए अच्छे हैं। केरल में मानसून के मौसम में औसत वर्षा बहुत अधिक होती है।
देशभर में यह बना हुआ है मौसमी सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक इस समय दक्षिण पश्चिम मानसून दक्षिण अंडमान सागर, निकोबार द्वीप समूह और उससे सटे दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ गया है। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्र पर बना हुआ है।
