मौसम विभाग का यूपी के कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति का अलर्ट


 

लखनऊ. मौसम विज्ञानियों के अनुसार, यूपी में देरी से मानसून विदा होने की वजह से तापमान में तेजी से गिरावट शुरू हो गई है। मौसम विभाग का अलर्ट है कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति भी बन रही है। रातें कुछ अधिक ठंडी हो गई हैं। संभावना है कि इस महीने के आखिरी सप्ताह तक शीतलहर शुरू हो जाए। वैसे मौसम विभाग ने पहले से ही पूर्वानुमान जारी कर रखा है कि इस साल कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

मौसम के जानकारों की मानें तो 13 नवंबर के बाद रात और दिन में सर्दी बढ़ जाएगी, क्योंकि रात और दिन के तापमान में कम से कम 3 से 4 डिग्री सेल्सियस कमी आ जाएगी। राजधानी लखनऊ और आस पास के जिलों में शाम के बाद और सुबह करीब आठ बजे तक कोहरा छाया रहता है। वैसे राजधानी लखनऊ का शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहा है।

मौसम विभाग का अलर्ट है कि,अगले तीन दिनों तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम कोहरा छाया रहेगा। और जमकर ठंड पडेगी।