954 स्वास्थ्यकर्मियों को लगी कोविड-19 टीके की दूसरी डोज़
57 लोगों को लगी पहली डोज़
16 केन्द्रों पर 1011 लोगों का हुआ टीकाकरण
लक्ष्य के सापेक्ष 92.5 फीसदी हुआ टीकाकरण
मऊ, 19 फरवरी 2021
कोविड-19 टीकाकरण महाअभियान जिले में चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है जिसमें 19 फरवरी (शुक्रवार) को 1011 स्वास्थ्यकर्मियों (हेल्थ केयर वर्करों) को कोविड-19 के टीके से प्रतिरक्षित किया गया ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीश चंद्र सिंह ने बताया कि आज जिले के 16 टीकाकरण केंद्रों पर लक्षित 1093 स्वास्थ्यकर्मियों के सापेक्ष 1011 लोगों को प्रतिरक्षित कर 92.50 फीसदी लक्ष्य की प्राप्ति हुई। उन्होंने बताया कि कोविड-19 का यह टीका सबसे सुरक्षित टीका है। यह शरीर पर किसी तरह का गंभीर प्रभाव नहीं छोड़ता है। उन्होंने बताया कि कोरोना का टीका लगने के बाद यदि तबीयत ठीक न लगना, थकान महसूस होना, कंपकंपी या बुखार सा महसूस होना, सिर दर्द, मितली, जोडों या मांसपेशियों में दर्द की इस तरह की समस्या आ रही है तो इसका मतलब यह टीका शरीर पर अपना असर कर रहा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ बीके यादव ने बताया कि जिले के सभी 1036 दूसरे डोज़ के लाभार्थियों को को-विन पोर्टल के माध्यम से सूचना दी गई थी जिसमें 954 लोगों को दूसरी डोज़ लगाई गई । वहीं 57 लोगों को पहली डोज की सूचना दी गयी थी, उसमे शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति हुई। एसएमएस से सूचना प्राप्त कर सभी लाभार्थीयों ने पहचान पत्र दिखाकर, अपनी बारी आने पर टीकाकरण का लाभ लिया।
जिला कोल्ड चैन मैनेजर कामाख्या मौर्य ने बताया कि आज उन्हें 28 दिन बाद कोविड-19 की दूसरी डोज़ लगी जिसके बाद अब वह राहत महसूस कर रहे हैं कि कुछ दिनों बाद उनके अंदर इससे लड़ने की अर्थात रोग प्रतिरोधक क्षमता बननी शुरू हो जाएगी लेकिन उन्होंने यह भी बताया कि वह इतना होने के बावजूद कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पूरा पालन करते रहेंगे।
डीपीएमयू ऑफिस के डीआईईसी मैनेजर अरविंद वर्मा ने बताया कि आज उन्हें और उनके कार्यालय स्टाफ को कोविड-19 की दूसरी डोज़ लगी, जिसके बाद वह बहुत खुश हैं और अपना कार्य कर रहे हैं। वह कोरोना के सभी सुरक्षा नियमों का पालन भी करते रहेंगे।
सीरम इंस्टीट्यूट की फैक्टशीट के अनुसार कोविशील्ड टीका 18 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए है। यह टीका उन लोगों को नहीं लगना है जिन्हें पहली खुराक के बाद गंभीर रूप से एलर्जी हुई हो। इसके लिए चिकित्सक से परामर्श लें। लाभार्थी को कोविशील्ड से जुड़े प्रतिकूल प्रभाओं को लेकर सामान्य तौर थकान महसूस होना, कंपकंपी या बुखार सा महसूस होना, सिर दर्द, की शिकायत आम हो सकती है। वैक्सीन लगने के बाद कुछ घंटों में यदि कोई साइड इफेक्ट दिखता है तो इस बारे में वैक्सीन लगाने वाले को तत्काल जानकारी दें या जिला कोविड-19 कंट्रोल एंड कमांड सेंटर पर बने हेल्प-लाइन नंबर 05498-220827, प्रदेश हेल्प लाइन नंबर 104 पर सम्पर्क करें।

