चंदौली --महिला ने बीच सड़क पर पति को दिलाई शपथ, पहनाई फूलों की माला, ये थी वजह

चंदौली। पत्नी ने बीच सड़क पर अपने पति से शपथ दिलाई, इसके बाद पति के गले में माला पहनाया और उसी के साथ बाइक पर सवार होकर चली। सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान ये अनोखा नजारा दिखने को मिला यूपी के चंदौली जिले में। यहां पत्नी ने पति को सबके सामने हेलमेट पहनने की शपथ दिलवाई। वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजायीं और उन्हें फूल देकर रवाना किया गया।

उत्तर प्रदेश में चल रहे सड़क सुरक्षा माह के मद्देनजर चंदौली जिले में अपर पुलिस अधीक्षक सीओ सदर और एआरटीओ प्रवर्तन की टीम ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में चकिया मोड़ तिराहे पर उतर कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। हेलमेट लगाकर व सीट बेल्ट बांधकर वाहन चला रहे लोगों को पुलिस अधिकारियों ने माल्यार्पण कर सम्मानित किया और बिना हेलमेट व सीट बेल्ट वालों को गुलाब का फूल देकर बड़े ही प्यार से समझाया।
इसी दौरान अपनी पत्नी व बच्चे को लेकर बुलेट से आते हुए एक व्यक्ति को पुलिस ने रोककर गुलाब का फूल पेश कर हेलमेट पहनकर बाइक चलाने की शपथ दिलाई। पुलिस ने पहले गुलाब देकर समझाया और फिर शपथ दिलवाकर पत्नी के हाथों पति को माला पहनवाया ताकि उसे याद रहे कि हेलमेट पहनने के लिये शपथ ली है। उसकी पत्नी को यह बात समझ में आ गई कि पति ने बिना हेलमेट लगाए बाइक चलाकर गलत किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रेमचंद ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यह अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत लोगों को सड़क पर चलने के लिए यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ताकि सड़क पर दुर्घटनाओं में लगाम लगाई जा सके।