भाजपा गठबंधन में लौटना चाहते हैं ओम प्रकाश राजभर, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर का दावा

गाजीपुर. यूपी की योगी सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने ओम प्रकाश राजभर पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया है कि ओम प्रकाश राजभर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन में आना चाहते हैं। वो इसके लिये सिफारिश कर रहे हैं।उन्होंने मंच से कहा कि ऐसा कोई दिन नहीं बीतता जब मनोज सिन्हा जी (गवर्नर जे एंड के), डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, मुझे और हमारे बड़े-बड़े नेतओं के पास वापसी की सिफारिश न आती हो। वो माफी मांगने तक को तैयार हैं। अनिल राजभर गाजीपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित महाराजा सुहेलदेव चेतना सम्मान कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। यहां उनके निशाने पर सिर्फ पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर और उनकी पार्टी सुहेलदेव समाज पार्टी थी
अनिल राजभर ने मीडिया से 26 जनवरी को किसान आंदोलन की ट्रैक्टर रैली में हुई हिंसा पर कहा कि ये किसान नेता नहीं देश द्रोही और आतंकवादी हैं। जो लालकिला पर चढ़कर और तिरंगे का अपमान करे वो किसान हो ही नहीं सकता। जिस आंदोलन के बीच से खालिस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगता हो वो किसान कैसे हो सकते हैं। ये कौन सा आंदोलन है, ये किसान हैं ही नहीं दरअसल। ऐसे लोगों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा होना चाहिये तिरंगे के अपमान के लिये। इन्हें कोई सहूलियत देने लायक नहीं।