मऊ । दो गज की दूरी, मास्क लगाना और साबुन से अच्छी तरह हाथ धुलकर ही हम कोरोना वायरस संक्रमण से बच सकते है। जब तक दवाई नहीं तब तक ढिलाई नहीं इसी संदेश को आम जन पहुंचाने और कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए क्षेत्रीय लोक संपर्क कार्यालय, सूचना और प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, आजमगढ़ द्वारा दिनांक 16 दिसंबर 2020 से जनपद मऊ में सघन जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ,जागरूकता अभियान में पहले दिन दिनांक 16 दिसंबर, 2020 को नगर पालिका परिषद मऊ नाथ भंजन के चेयरमैन डाॅ. मोहम्मद तैय्यब पालकी ने सचल चित्र प्रदर्शनी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि हम सबको कोरोना वायरस संक्रमण से बचने के लिए दो गज दूरी, मास्क पहनना और अपने हाथो को साबुन पानी से 40 सेकंड तक धुलना ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक कोरोना वायरस संक्रमण की दवाई और वैक्सीन नहीं आ जाती हमें कोरोना वायरस संक्रमण से बचने के लिए एहतियाती कदम ज़रूर अपनाना होगा और दूसरो को भी इसके के लिए प्रेरित करना होगा तभी कोरोना वायरस संक्रमण में कमी आएगी और हम स्वस्थ जीवन जी सकेंगे।
क्षेत्रीय लोक संपर्क कार्यालय, आजमगढ़ के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी तारिक़ अज़ीज ने बताया की आम जन को कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव हेतु यह अभियान मऊ जनपद में चलाया जा रहा है जिसमें लोगों को सचल चित्र प्रदर्शनी, पोस्टर, बैनर, हैंडबिल, स्टिकर, माइकिंग और पेम्प्लेट्स के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। प्रचार अभियान के दौरान बलिया के सांस्कृतिक दल जय प्रकाश एण्ड पार्टी द्वारा मनोरंजक लोक गीतों के माध्यम से आम जन को कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए प्रेरित किया गया।

