मऊनाथ भंजन। नगर क्षेत्र स्थित वार्ड नं0 02 मु0 माता पोखरा स्वीपर कालोनी में लगभग 5.46 लाख रुपये की लागत से निर्मित 05 शीटर सामुदायिक शौचालय निर्माण व वार्ड नं0 33 मुंशीपुरा में मु0 जमालुद्दीन के मकान से मु0 फारुक तथा फैयाज़ के मकान से टयूबवेल वाली मस्जिद तक लगभग 13.46 लाख रुपये की लागत से निर्मित नाली, पटिया एवं इण्टरलाकिंग कार्य का लोकार्पण सोशल डिसटेंसिंग का पालन करते हुए पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी के कर कमलो द्वारा सम्पन्न हुआ। लोकार्पण के समय उपस्थित क्षेत्रवासियों ने पालिकाध्यक्ष तय्यब पालकी का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। क्षेत्रवासियों ने इस कार्य की तारीफ करते हुए कहा कि पालिकाध्यक्ष श्री पालकी ने हमारे क्षेत्र में शौचालय निर्माण का सराहनीय कार्य किया है।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी ने कहा कि नगर को पूरी तरह से विकसित बनाने के लिये सभी वार्डाें में जमीनी स्तर पर कार्य कराये जा रहे हैं ताकि नगर को मूलभूत सुविधाओं से युक्त किया जा सके। उन्होने कहा कि नगर वासियों को बेहतर नागरिक सुविधा उपलब्ध कराने के लिये पुरे नगर में बेहतर प्रकाश, पेयजल की समुचित व्यवस्था की जा रही है, साथ ही आवागमन को सुचारू एवं सुरक्षित बनाने के लिये नगर के हर वार्ड में रास्ता, खड़ंजा, एवं नगर स्थित मुख्य मार्गाें की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य कराये जा रहे हैं। पालिकाध्यक्ष ने लोगो को जागरूक करते हुये कहा कि नगरवासियों के स्वास्थ्य की रक्षा एवं नगर को प्रदूषण से मुक्त बनाने में भी हम पहल कर रहे हैं। इसके लिये पालिका द्वारा नगर के विभिन्न स्थानो व मलिन बस्तीयों में सार्वजनिक/सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि आप को घर के बाहर भी पूर्ण रूप से शौच की सुविधा प्राप्त रहे तथा लोगो को शौच के लिये इधर-उधर भटकना न पड़े। श्री पालकी नेे नागरिकों से निवेदन में कहा कि नगर को स्वच्छ-सुन्दर बनाने में पालिका का साथ दें। अपने घरों से कूड़ा समय से निकालें, दूसरों को भी इसके लिये प्रेरित करें और घरों से निकलने वाला कूड़ा पालिका सफाई कर्मियों के हवाले कर दें। श्री पालकी ने कहा कि पालिका द्वारा कूड़ा उठा लिये जाने के बाद दोबारा कूड़ा बाहर न निकालें क्योंकि इससे पहले की जा चुकी सफाई पर बुरा प्रभाव पड़ता है जो हमारे स्वास्थ्य के लिये भी हानिकारक है। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि बरसात को मद्देनजर रखते हुये पूरे नगर क्षेत्र में नाला/नाली सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। ताकि जल निकासी सुनिश्चित हो और आने जाने में सुविधा बनी रहे। उन्होने नगर वासियों से अपील करते हुए कहा कि नाला/नालियों में कूड़ा-करकट प्लास्टिक आदि न फेके। इससे जल निकासी में बाधा उत्पन्न होती है। पालिकाध्यक्ष ने नगरवासियों को वृक्षारोपण की भी प्रेरणा दी। बताया कि जहां वृक्ष पर्याप्त मात्रा में होते है वहां वर्षा की मात्रा भी सही होती है। वृक्षों की कमी सूखे का कारण बनती है। इस लिये सभी को चाहिये कि अपने द्वारा कम से कम एक वृक्ष या पौधारोपण जरूर करे ताकि वातावरण शुद्ध बना रहे।
इस अवसर पर शमशाद नेता, खुर्शीद अहमद, शमीम फरज़न्द, इज़हार अहमद, सेराज अहमद, एखलाक अहमद, मोलवी शब्बीर, शकील अहमद, हबीबुर्रहमान बाबू आदि उपस्थित रहें।

