पटना : बिहार में एक शादी समारोह के मामले ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की परेशानी को बढ़ा दिया है. शादी में शामिल होने वाले लोग तेजी से संक्रमित पाए जा रहे हैं. अब तक इस शादी समारोह में शामिल हुए 369 लोगों की जांच हो चुकी है. जिनमें से 89 संक्रमित पाये गये हैं जबकि 31 लोग पहले ही पॉज़िटिव पाए गए थे. पटना के पालीगंज में हुए इस शादी समारोह में दूल्हे की मौत शादी के अगले दिन ही हो गई थी. जिसके बाद अब मामला ये सामुदायिक संक्रमण रूप लेता नजर आ रहा है.
शादी के दौरान ही लड़के की तबीयत अचानक खराब हो गयी. किसी तरह इलाज करा कर उसकी शादी संपन्न करायी गयी. पुनः 17 जून को उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी. इसको लेकर उनके परिजन पालीगंज में ही निजी अस्पताल में दिखाया डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया. लेकिन पटना जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. और उसकी बिना कोरोना जांच कराये ही अंतिम संस्कार कर दिया गया. उसके बाद से लोगों को लगने लगा कि उसकी मौत कोरोना से ही हुई है. इसको लेकर 19 जून को मृतक के सगे संबंधियों व नजदीकियों की कोरोना जांच करायी गयी.
जिसमें 15 लोग पॉजिटिव पाये गये गये. उसके बाद से ही लोगों में डर और घबराहट बढ़ गयी. इसको लेकर जिला स्वास्थ्य टीम ने 24, 25 और 26 जून को जांच शिविर लगाया जिसमें कुल 364 लोगों की जांच की गयी. जिसमें 86 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है. वहीं मृतक के कई सगे संबंधी जो अलग-अलग प्रखंडों के हैं उनकी भी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है. अचानक इतने लोगों के पॉजिटिव होने से हड़कंप है. पालीगंज के कई सामाजिक संगठनों ने सरकार से जांच तेज करने की मांग की है. अनुमंडलीय स्वास्थ्य प्रबंधक प्रजित कुमार ने बताया कि कुछ मरीजों को बमेती फुलवारीशरीफ भेजा गया है और अधिकांश को बिहटा भेजा गया है. बीडीओ चिरंजीव पांडे ने बताया कि मीठा कुआं खगडी मोहल्ला, पालीगंज बाजार के कुछ भाग को सील किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद बाजार में सन्नाटा पसर गया है..

