रक्त दान करें और जीवन का उपहार दें --डा0 संजय सिंह
आज विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर 'मऊ के पहले कंपोनेंट(प्लेटलेट्स) ब्लड बैंक सेंटर शारदा नारायन हॉस्पिटल मऊ में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया ।' इस रक्तदान शिविर की शुरूआत स्वंय शारदा नारायन हास्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डा0 संजय सिंह द्वारा रक्तदान करके हुआ। डा0 सिंह ने बताया कि इस शिविर में अलग- अलग वर्गों कई लोगों ने अपना रक्तदान किया। इस अवसर पर डा0 संजय सिंह ने बताया कि रक्तदान जीवनदान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान कई जिंदगियों को बचाता है। इस बात का अहसास हमें तब होता है जब हमारा कोई अपना खून के लिए जिंदगी और मौत के बीच जूझता है। उस वक्त हम नींद से जागते हैं और उसे बचाने के लिए खून के इंतजाम की जद्दोजहद करते हैं। किसी दुर्घटना या बीमारी का शिकार हममें से कोई भी हो सकता है। आज हम सभी शिक्षित व सभ्य समाज के नागरिक है, जो केवल अपनी नहीं बल्कि दूसरों की भलाई के लिए भी सोचते हैं तो क्यों नहीं हम रक्तदान के पुनीत कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें और लोगों को जीवनदान दें। डा0 संजय सिंह ने बताया कि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति जिसकी आयु 18 से 68 वर्ष के बीच हो, जिसका वजन 45 किलोग्राम से अधिक हो तथा जिसके रक्त में हिमोग्लोबिन का प्रतिशत 12 प्रतिशत से अधिक हो वो व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। थैलेसेमिया और हैमोफिलिया जैसी बीमारियों के रोगियों के लिए नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है और दुर्घटना, बड़ी सर्जरी, एनीमिया आदि के बाद चोटों के इलाज के लिए भी रक्त की आवश्यकता होती है।
इस अवसर पर डा0 सुजीत सिंह,डा0 राहुल कुमार,डा0 गौतम कुमार,रितुराज,रंजना,शिवकुमार सिंह,मनीष शर्मा आदि लोग उपस्थित रहें।

