लखनऊ। महाराष्ट्र में फंसे उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी खबर। जल्द ही मुंबई से 10 ट्रेनें उत्तर प्रदेश आएंगी।
देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट कर बताया कि केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल से बात की। उन्होंने तुरंत ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से चर्चा की और जल्द ही मुंबई से 10 ट्रेन उत्तर प्रदेश के लिए रवाना करने की बात कही।
फडणवीस ने एक अन्य ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि सभी श्रमिक भाइयों से मेरा अनुरोध है कि खुद का पंजीयन कर सरकार के माध्यम से अपना सफर करें, न की पैदल चल कर।
कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन लागू है। लॉकडाउन का तीसरा चरण शुरू हुआ है जो 17 मई तक चलेगा। राज्यों के निवेदन पर रेलवे बोर्ड तमाम श्रमिक स्पेशल ट्रेन भी चला रहा है ताकि कोरोना लॉकडाउन के कारण अन्य राज्यों में फंसे श्रमिक अपने घर को जा सकें। काफी लोग पैदल, साइकिल और मोटरसाइकिल से अपने घर के लिए जा चुके हैं। इस दौरान उन्हें कई प्रकार की परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। अलग-अलग तरह के हादसे में कई लोगों की जान जा चुकी है।
इसी के बाद योगी सरकार ने रेल मंत्रालय से मुंबई से यूपी के लिए ट्रेन चलाने की बात कही थी। देवेंद्र फडणवीस के कहने पर रेल मंत्री पीयूष गोयल ने सीएम योगी से बात की। अब जल्द ही मुंबई से उत्तर प्रदेश के लिए 10 रेल गाड़ियां रवाना होंगी।

