भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल का रविवार दोपहर गोरखपुर के पनेशिया अस्पताल में हार्ट फेल होने की वजह से निधन हो गया। वह करीब 65 वर्ष के थे। दोपहर दो बजे के करीब उन्हें घबराहट महसूस हुई तो खुद चलकर छात्रसंघ चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। वहां उनकी बिगड़ती सेहत को देख चिकित्सकों ने भर्ती किया लेकिन अभी इलाज पूरी तरह शुरू हो पाता कि सांसें रुक गईं।
2018 के उपचुनाव में सीएम योगी आदित्यनाथ ने इन्हें गोरखपुर का राजनैतिक उत्तराधिकारी बनाया था। हालांकि उस दौरान उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
मऊ - भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्त ने बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष उपेन्द्र दत्त शुक्ल का हृदयाघात के कारण आकस्मिक निधन हो गया, जैसे ही यह सूचना जनपद के कार्यकर्ताओं को लगी कार्यकर्ता आवाक रह गए। उपेन्द्र दत्त शुक्ल के उदार व्यक्तित्व से हर कार्यकर्ता परिचित था।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि उपेन्द्र दत्त शुक्ल का निधन होने से भारतीय जनता पार्टी की अपूरणीय क्षति हुई है जिसकी भरपाई करना अब आसान नहीं होगा, शुक्ल जी कुशल नेतृत्व कर्ता तथा कार्यकर्ताओं के बीच अत्यंत ही लोकप्रिय थे, वरिष्ठ व युवा कार्यकर्ता सभी शुक्ला जी का अभिभावक की तरह सम्मान करते थे।
जिलाध्यक्ष ने दो मिनट का मौन रखकर गतात्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए अश्रु पूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्ति की।

