अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने किया नगर संगठन का पुनर्गठन,हाजी जावेद तरफदार पुनः नगर अध्यक्ष, अकरम प्रीमियर जिला मीडिया प्रभारी एवं हाजी शकील इंडियन जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत


Uploaded Image

मऊ। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल जनपद मऊ की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर के रौजा स्थित संगठन कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नगर संगठन का पुनर्गठन किया गया। इस दौरान हाजी जावेद तरफदार को पुनः नगर अध्यक्ष, गामा यादव को नगर उपाध्यक्ष, अकरम प्रीमियर को जिला मीडिया प्रभारी तथा हाजी शकील इंडियन को जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. राम गोपाल गुप्त ने कहा कि संगठन को नई दिशा देने और उच्च आयामों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर संगठन का पुनर्गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। व्यापारियों के मान-सम्मान, स्वाभिमान और हितों की रक्षा करना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की नीतियों एवं उद्देश्यों के अनुरूप सक्रियता से कार्य करने तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जिला महामंत्री कन्हैया लाल जायसवाल ने सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा व्यापारी हितों के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।