उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी द्वारा व्यापारियों के हित में व्यापारी सुरक्षा आयोग के गठन तथा बाजारों में व्यापारियों की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था का वादा किए जाने पर समाजवादी व्यापार सभा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
समाजवादी व्यापार सभा, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल (एडवोकेट) एवं प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया ने कहा कि व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को समाजवादी पार्टी के चुनावी संकल्प में स्थान मिलना व्यापारिक समाज के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्पष्ट होता है कि समाजवादी पार्टी व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक हितों को लेकर गंभीर है।
उन्होंने बताया कि बीते 30 अक्टूबर 2026 को वाराणसी के सरोजा पैलेस, पिपलानी कटरा-कबीर रोड में समाजवादी व्यापार सभा, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित पीडीए व्यापारी मंडलीय सम्मेलन में व्यापारियों के हितों से जुड़ा 27 सूत्रीय राजनीतिक एवं आर्थिक प्रस्ताव पारित किया गया था। सम्मेलन के मुख्य अतिथि घोसी सांसद राजीव राय को समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल द्वारा यह प्रस्ताव सौंपा गया था। बाद में सांसद राजीव राय ने इसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाया।
समाजवादी व्यापार सभा द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव में प्रमुख रूप से व्यापारी सुरक्षा आयोग के गठन तथा व्यापारियों की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस बल की व्यवस्था करने की मांग शामिल थी। इसके तहत डायल 112 की तर्ज पर पुलिस वाहनों को प्रमुख बाजारों में तैनात करने की मांग की गई थी, ताकि व्यापारियों को अपराध, लूट, चोरी और उत्पीड़न जैसी घटनाओं से सुरक्षा मिल सके।
प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया व जिलाध्यक्ष मऊ शिवम कुमार सोनी ने कहा कि अखिलेश यादव द्वारा व्यापारियों की इन मांगों को चुनावी संकल्प में शामिल करना समाजवादी व्यापार सभा के प्रयासों और व्यापारी एकता का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान, व्यापारिक सुविधाओं और आर्थिक मजबूती के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
दोनों नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पूर्व में भी अपने शासनकाल में व्यापारियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं और आगे भी व्यापारियों के सहयोग एवं विश्वास के साथ उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।
अंत में पूर्व चैयरमैन अमिला अजय गुप्ता ने पीडीए एकता, समाजवादी पार्टी और समाजवादी व्यापार सभा को मजबूत करने का आह्वान करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल एवं सांसद राजीव राय के प्रति आभार व्यक्त किया इस मौके पर अजय गुप्ता, जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी ,अभय गुप्ता ,नवल मद्धेशिया ,मनीष साहू मौजूद रहे ।
