थाना समाधान दिवस के अवसर पर आज जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के साथ थाना मधुबन में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए।
जनसुनवाई के दौरान अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त हुईं। इस पर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर संबंधित स्थलों का मौके पर निरीक्षण करने तथा प्रकरणों की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करने के उपरांत ही निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि शिकायतों का उचित समाधान हो सके और दोनों पक्ष निस्तारण से संतुष्ट रहें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। अतः प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में निस्तारित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए। साथ ही, निस्तारण की प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता को न्यायोचित समाधान प्राप्त हो।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश कुमार मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी, थाना मधुबन के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, राजस्व विभाग के कानूनगो तथा लेखपाल उपस्थित रहे।
