मऊ। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मऊ नगर के पुरादुर्जनराय, दक्षिण टोला महरनियां स्थित श्री बजरंगबली मंदिर परिसर में देव दीपावली उत्सव एवं रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री बजरंगबली मंदिर व्यवस्था समिति पंजीकृत की ओर से किया गया।
रंगोली प्रतियोगिता में शहर के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में पंजीकरण कराने के बाद बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक आकर्षक एवं मनमोहक रंगोलियां बनाईं। प्रतियोगिता को देखने के लिए सुबह से ही मोहल्ले सहित पूरे शहर के लोगों का मंदिर परिसर में आने-जाने का सिलसिला लगा रहा, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह लगातार बढ़ता रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किड्स किंगडम स्कूल के डायरेक्टर एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बलिया विभाग के सहविभाग कार्यवाह देवेंद्र मोहन ने विजेता एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंदिर व्यवस्था समिति के संरक्षक सुरेंद्र गुप्ता ने की।
वहीं, शाम होते ही श्री बजरंगबली मंदिर परिसर को 1100 दीपों से सजाया गया। दीपों की रोशनी और आकर्षक झालरों से पूरा मंदिर परिसर दुल्हन की तरह जगमगा उठा। इस दौरान मंदिर व्यवस्था समिति की ओर से श्री बजरंगबली जी महाराज की भव्य आरती की गई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच मिष्ठान वितरण कर उनका मुंह मीठा कराया गया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राजेश गुप्ता, महामंत्री संजय गुप्ता, लालजी पांडेय, विजय गुप्ता, हीरालाल सोनकर, अमरजीत, मोहित कन्नौजिया, महेंद्र गुप्ता सहित समिति के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
