प्रेमी को जेल से छुड़ाने की मांग पर मोबाइल टावर पर चढ़ी नाबालिग छात्रा, आधे घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा


Uploaded Image

मऊ। जनपद मऊ के रतनपुरा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जनपद बलिया की एक नाबालिग छात्रा अपने प्रेमी को जेल से छुड़ाने की मांग को लेकर डीह तिलक ठाकुर के समीप स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि छात्रा का प्रेमी किसी आपराधिक मामले में बलिया जिला कारागार में निरुद्ध है। दोपहर करीब 12 बजे छात्रा के टावर पर चढ़ने की सूचना फैलते ही स्थानीय पुलिस चौकी और थाने की टीम महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते रहे।
पुलिस ने ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से छात्रा से लगातार शांतिपूर्वक नीचे उतरने और अपनी बात बताने की अपील की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। छात्रा ने दुपट्टे से अपना चेहरा ढक रखा था, जिससे उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी।
करीब आधे घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे और पुलिस की लगातार समझाइश के बाद छात्रा को सकारात्मक आश्वासन देकर सकुशल नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और भीड़ को हटाकर छात्रा को थाने ले गई।
घटना के दौरान लखनऊ–बलिया मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। थाने में छात्रा की काउंसलिंग की गई, उसके परिजनों को बुलाया गया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे उनके सुपुर्द कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार रतनपुरा क्षेत्र में किसी युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने की यह पहली घटना है, जिसके चलते पूरे दिन यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।