जनपद मऊ की सदर विधानसभा के बहरीपुर मोड़ पर आज एक प्रतीकात्मक बैनर लगाया गया, जिस पर लिखा गया— "चंदा चोर पार्टी का बहरीपुर, सदर विधानसभा में प्रवेश वर्जित है।"
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण हेतु एकत्र किए गए चंदे में कथित अनियमितताओं के आरोपों के कारण जनता में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के नाम पर जुटाए गए चंदे का दुरुपयोग किया गया, जिससे करोड़ों रामभक्तों की भावनाएँ आहत हुई हैं।
उन्होंने कहा, "भगवान श्रीराम ने अपने जीवन में कभी जातिवाद नहीं किया। उन्होंने निषादराज, शबरी, केवट और समाज के हर वर्ग को समान सम्मान दिया। यही कारण है कि उन्हें 'मर्यादा पुरुषोत्तम' कहा जाता है। आज यदि श्रीराम के पवित्र नाम का उपयोग राजनीति या कथित भ्रष्टाचार से जोड़कर किया जाता है, तो इससे भगवान श्रीराम की मर्यादा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुँचती है।"
विक्रम जीत सिंह ने कहा कि बहरीपुर की जनता भ्रष्टाचार तथा जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रही है। बहरीपुर मोड़ पर लगाया गया "चंदा चोर पार्टी का बहरीपुर, सदर विधानसभा में प्रवेश वर्जित" बैनर इसी जनभावना का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि जनता अब जवाबदेही और पारदर्शिता चाहती है तथा किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार या कथित चंदा घोटाले को स्वीकार नहीं करेगी।
इस अवसर पर अरमान खान, अवधेश मौर्य, संजय राजभर सहित अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
