मऊ। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु बैठक में मऊ साड़ी व्यापार एसोसिएशन द्वारा मऊ के साड़ी उद्योग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष जमाल अर्पण एवं महासचिव शफीकुर्रहमान कोठारी ने साड़ी उद्योग की वर्तमान स्थिति, बढ़ती उत्पादन लागत, महंगे यार्न, आधुनिक तकनीक की कमी तथा बुनकरों और व्यापारियों के समक्ष आ रही चुनौतियों को विस्तार से रखा।
एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी को एक मांग पत्र सौंपते हुए इलेक्ट्रॉनिक जकार्ड मशीनों पर विशेष सब्सिडी, यार्न बैंक की स्थापना, कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC), सस्ती एवं निर्बाध बिजली व्यवस्था, ग्लोबल मार्केट लिंकेज, GeM पोर्टल प्रशिक्षण, विदेशी टेक्सटाइल प्रदर्शनियों में प्रतिनिधिमंडल भेजने तथा पावरलूम-हैंडलूम के आधुनिकीकरण की मांग की गई।
जिलाधिकारी ने एसोसिएशन द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा आश्वस्त किया कि मऊ के साड़ी उद्योग एवं व्यापारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करने के लिए शीघ्र ही एक अलग विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर आवश्यक समाधान की दिशा में कार्यवाही की जाएगी।
