वाराणसी-गोरखपुर (एनएच-29) राष्ट्रीय राजमार्ग पर घोसी के समीप पीढ़वल मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने त्वरित पहल की है। उनके प्रयासों के फलस्वरूप राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस स्थान पर स्थानीय लोगों तथा छोटे वाहनों के सुरक्षित आवागमन हेतु अंडरपास निर्माण की सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी है।
आपको बता दें कि पिढवल मोड़ पर हुई हालिया सड़क दुर्घटना में एक महिला की दुःखद मृत्यु हो गई थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही मंत्री ए.के. शर्मा ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल वार्ता कर इस स्थान पर बार-बार होने वाली दुर्घटनाओं की गंभीरता से अवगत कराया तथा स्थायी समाधान की मांग की।
श्री शर्मा ने अधिकारियों को बताया कि पिढ़वल मोड़ क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में चिंता व्याप्त है। उन्होंने जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।मंत्री ए.के. शर्मा की पहल पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए NHAI के अध्यक्ष ने पिढ़वल मोड़ पर अंडरपास निर्माण की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही वहां की सर्विस रोड को भी आगे तक विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
श्री शर्मा ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अंडरपास एवं सर्विस रोड के निर्माण से इस क्षेत्र में दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को शीघ्र आगे बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार समन्वय किया जा रहा है।क्षेत्रीय नागरिकों ने जनहित के इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई के लिए मंत्री

ए.के. शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
ए.के. शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
