आम आदमी पार्टी ने शहर में जनहित निरीक्षण अभियान चलाया




मऊ। आज INDIA गठबंधन के तत्वावधान में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में जनहित निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नगर पालिका क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं का निरीक्षण किया गया तथा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित तालाब की बदहाल स्थिति और वहां फैली गंदगी को मौके पर देखा गया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कलेक्ट्रेट के पास स्थित तालाब में भारी गंदगी फैली हुई है और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे आसपास के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही नगर पालिका में व्याप्त अव्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने गंभीर चिंता व्यक्त की।

इस मौके पर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि नगर पालिका की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण जनता को मूलभूत सुविधाएँ भी सही तरीके से नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर का तालाब गंदगी से भरा हुआ है, जो प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

विक्रम जीत सिंह ने नगर पालिका चेयरमैन और प्रदेश के नगर विकास मंत्री से मांग करते हुए कहा कि नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा कलेक्ट्रेट के तालाब की तत्काल सफाई कराकर उसे व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि डुमराव मोड़ के तिराहे पर गिर रहे गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कर उसे आगे बढ़ाया जाए, ताकि आम जनता को गंदगी और जलभराव से राहत मिल सके।

उन्होंने आगे कहा कि शहर में बढ़ते मच्छरों के प्रकोप को देखते हुए पूरे नगर में नियमित रूप से मच्छर मारने की दवा का छिड़काव (फॉगिंग) कराया जाए, जिससे लोगों को बीमारियों से बचाया जा सके।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी और INDIA गठबंधन जनहित में बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

इस कार्यक्रम में अवधेश मौर्य, कांग्रेस के राम करन यादव, CPI के अब्दुल अज़ीम सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।