मऊ, आर्य समाज मऊनाथ भंजन के तत्वाधान में संचालित ऋषिबोधोत्सव एवं वार्षिकोत्सव का समापन दिवस मातृ सम्मेलन और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं के चेहरे पुरस्कार प्राप्त कर खुशी से दमक उठे, वहीं उनकी माताओं को सम्मानित कर आयोजन को विशेष भावनात्मक आयाम प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी दिनेश दत्त मिश्रा ने शिरकत कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
समारोह में आर्य जगत के प्रख्यात भजनोपदेशक भानु प्रकाश शास्त्री की प्रेरक उपस्थिति ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। विद्यालय के छात्र समर पटेल ने अपनी प्रभावशाली कविता पाठ से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
इस अवसर पर इंस्पेक्टर साइबर सेल राजेश्वर पांडे ने मोबाइल एवं इंटरनेट प्राइवेसी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए साइबर अपराध से बचाव के महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
वहीं सब इंस्पेक्टर सपना ने महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए उपस्थित जनों को सतर्क रहने का संदेश दिया।
प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
आर्य समाज द्वारा संचालित विद्यालयों के कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही उनकी माताओं को माल्यार्पण कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वाले विद्यार्थियों में दयानंद बल विद्या मंदिर आर्य समाज, डीएवी बाल विद्या मंदिर, डीएवी इंटर कॉलेज (बालक एवं बालिका)
के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
आर्य समाज के मंत्री प्रशांत रत्नम सिंह ने कहा कि सभी अध्यापक एवं अध्यापिकाओं के समर्पित मार्गदर्शन के कारण ही विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने प्रधानाचार्य मुरलीधर जी के अथक परिश्रम की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बच्चों ने न केवल विद्यालय बल्कि अपने माता-पिता और समाज का भी गौरव बढ़ाया है।
सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता पर विशेष बल
मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी दिनेश दत्त मिश्रा ने अपने संबोधन में साइबर अपराध, नागरिक सुरक्षा और सामाजिक सतर्कता के विषय में महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सजग नागरिक ही सुरक्षित समाज की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री प्रशांत रत्नम सिंह ने सभी आगंतुकों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आर्य समाज के पदाधिकारी प्रहलाद वर्मा, सुमित राय, उदय प्रताप आर्य, राहुल सिंह, सत्य प्रकाश आर्य, पंडित हरिशंकर मिश्रा, राजेश वर्मा, ओमप्रकाश आर्य, बबन प्रसाद वर्मा, परमात्मा पांडे, संतोष बरनवाल, अरविंद आर्य सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राओं की माताएं तथा हजारों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह ने शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता के समन्वय का एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।
