भीषण ठंड में मुंगेर बिहार से आए कृषकों ने राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया

 
मुंगेर, बिहार से आए 26 कृषकों ने भा.कृ.अनु.प. - राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, कुशमौर, मऊ में आयोजित दिनांक 2 से 4 जनवरी 2025 तक चलने वाले तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया । डॉ संजय कुमार, निदेशक के मार्गदर्शन में, 'कृषि में गुणवत्तायुक्त बीजों का महत्तव' विषय पर आधारित इस कार्यक्रम की शुरुआत पुष्प गुच्छ भेंट एवं ICAR गीत से हुई। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। कार्यक्रम में प्रतिभागी किसानों ने अपना संक्षिप्त परिचय देते हुए यह बताया कि मुंगेर, बिहार में अन्य खाद्यान्न फसलों क साथ खीरा, प्याज़ जैसे सब्जियों का उत्पादन किया जाता है। संस्थान के निदेशक, डॉ संजय कुमार ने किसानों के साथ सब्जियों के बीज उत्पादन पर चर्चा की तथा उन्नत खेती के सुझावों के साथ उन्हें प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए शुभकामना दी | प्रधान वैज्ञानिक डॉ अंजनी कुमार सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए  संस्थान की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी तथा किसानों को स्वयं बीज उत्पादित करने के लिए प्रेरित किया  । कार्यक्रम को आगे बढ़ते हुए बीज वैज्ञानिक डॉ आलोक कुमार ने किसानों को बीजों की विभिन्न श्रेणियों तथा गुणवत्तायुक्त बीज उत्पादन की मूलभूत तकनीकों से परिचय करवाया| वैज्ञानिक डॉ दीपांशु जायसवाल ने किसानों को फसलों में आनुवंशिक शुद्धता और बीज परिक्षण तकनीक के बारे में बताया | वैज्ञानिक डॉ मंजनगौड़ा  ने गुणवत्तायुक्त बीज उत्पादन के लिए खरपतवार प्रबंधन पद्धतियों पर प्रकाश डाला | प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वयन डॉ अंजनी कुमार सिंह, डॉ आलोक कुमार एवं डॉ पवित्रा वी कर रहे हैं ।