एंजेल लर्निंग गार्डन स्कूल में आयोजित योग सत्र के दौरान योगासन खेल के राष्ट्रीय कोच राजन वैदिक ने बताया कि योगासन खेल अब तेजी से लोकप्रियता हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवा खिलाड़ियों में योगासन के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है।
राजन वैदिक ने जानकारी दी कि भारत सरकार के खेल मंत्रालय, और आयुष मंत्रालय योगासन को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नेशनल गेम्स, खेलो इंडिया, और अन्य राष्ट्रीय मंचों पर योगासन के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2026 के एशियाई खेलों में योगासन को ट्रायल खेल के रूप में शामिल किया जाएगा, जो इस खेल के लिए एक बड़ा अवसर है।
सत्र के दौरान राजन वैदिक ने विद्यार्थियों को योगासन के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया और उनके लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सभी से नियमित योग करने की अपील करते हुए कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक शांति भी प्रदान करता है।
कार्यक्रम के अंत में राजन वैदिक ने सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करें और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें।