इंडिया के घटक दलों ने राजीव राय को जिताने की रणनीति बनाई


मऊ। घोसी 70 लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी राजीव राय को विजयी बनाने के लिए इंडिया गठबंधन के घटक दलों की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से एक समन्वय समिति बनाने का निर्णय लिया गया जिसमें घटक दलों का पर्याप्त प्रतिनिधित्व हो तथा उसमें लोगों की जिम्मेदारियां तय हों।
   घोसी से प्रत्याशी राजीव राय ने इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के वरिष्ठजनों का बैठक में शामिल होने के लिए आभार जताया। साथ ही सुझावों के आधार पर विधानसभा से लेकर ब्लाक स्तर पर समन्वय टीम बना लेने को लेने को कहा। उन्होंने माइक्रो लेवल पर टीम गठित होना जरूरी बताया। उन्होंने कहा 2014 का चुनाव हारने के बाद भी लगातार मैं क्षेत्र में मौजूद हूं। जब बाढ़ आई तो बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ा रहा। कोरोना के समय दवा और जरूरत का सामान पहुंचाया। मलेशिया में बच्चे फंसे थे। सरकारी मदद नहीं पहुंच पाई लेकिन मैंने सहयोग किया। तमाम अनाथ बच्चों को गोद लिया। इन सभी कार्यों के लिए सभी ने प्रशंसा की।
   पूर्व विधायक अमरेश चंद पांडे ने कार्यकर्ताओं से हर स्थिति में आचार संहिता का सम्मान करने तथा किसी भी स्थिति में उल्लंघन नहीं करने देने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि हमें जाति-धर्म के नाम पर किसी से वोट नहीं मांगना है। जनता के बीच जाकर उनकी सेवा में दिये गये योगदान को उन्हें याद दिलाना है।
 कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंतखाब आलम ने कहा कि इतने कम समय में क्षेत्र के हर घर में प्रत्याशी का पहुंचना संभव नहीं है लेकिन प्रत्याशी 10 वर्षों से लगातार क्षेत्र में मौजूद है और लोगों की सेवा कर रहा है। इसलिए कार्यकर्ता उसके कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएं। इन सभी मुद्दों पर विचार करने के लिए उन्होंने 31 तारीख को दो बजे बैठक का कार्यक्रम निर्धारित किया। 
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुरेश बहादुर सिंह ने पिछले चुनाव के आंकड़ों के आधार पर अपनी मजबूती और कमजोरी का आंकलन करने का सुझाव दिया। साथ ही एक दिन में कम से कम 35 सभाएं करने के लिए जिम्मेदारी तय करने की बात कही। 
नगर पालिका की पूर्व चेयरमैन राणा खातून ने बताया कि उन्होंने स्वर्गीय कल्पनाथ राय के चुनावों को बहुत करीब से देखा है। वह जब तक रहे विजयी रहे। कांग्रेस के लिए जीतकर सीट लाते रहे। अब इसे राजीव राय जी को दोहराना है। 
वहीं कांग्रेस पार्टी से पूर्व विधायक रहे अमरेश चंद पांडे राजीव राय को टिकट मिलने के बाद क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों से मिली प्रतिक्रिया को साझा किया। उन्होंने चक्की, बोझी सहित कई अन्य जगहों पर लोगों से बातचीत के निष्कर्ष साझा किया। उन्होंने कहा कि जनता कह रही है पिछला चुनाव दिल्ली से ही लड़ा गया और दिल्ली में ही समय बिता दिया गया। इसलिए भाजपा उम्मीदवार के प्रति लोगों का दृष्टिकोण बहुत खराब है। इन सब बातों को लोगों समझाना होगा। 
कांग्रेस कार्यकर्ता तथा घोसी क्षेत्र के समन्वयक रमेश राजभर ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे जी ने कहा है कि 80 की 80 लोकसभा सीटों पर हमें ऐसे लड़ना है जैसे हमारा प्रत्याशी लड़ रहा हो। विपक्ष के प्रत्याशी का विरोध हो रहा है। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष विष्णु कुशवाहा प्रचार सामग्री उपलब्ध करवाने की मांग की जिससे उसे कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराया जा सके। संचालन कर रहे समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने 2014 से लगातार क्षेत्र की जनता की लगातार सेवा करने के लिए राजीव राय की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों, उनके आतंकवाद और अत्याचार को उजागर करना है। भाजपा के प्रत्याशी लोगों को डरा-धमकाकर चुनाव जीतने का प्रयास करते हैं। 
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह चुनाव जीतने के लिए अनुशासन को सबसे आवश्यक तथ्य बताया। उन्होंने कहा कि घटक दलों को जिम्मेदारी है कि यह देखें कि कि किसके पास कितने जनप्रतिनिधि हैं, कितने कार्यकर्ता हैं, उनकी जिम्मेदारी तय कर उन्हें सक्रिय करें।
कम्युनिस्ट पार्टी वीरेंद्र ने कहा कि यह अपने ढंग का अलग तरह का चुनाव है। हमें स्थानीय सवालों को लेकर जनता के बीच जाना होता। यहां दो ताकतों के बीच लड़ाई है। एक पक्ष वह है जो संविधान को ताकत दे रहा है जबकि दूसरा वर्ग फांसीवादी ताकतों का है। उन्होंने सभी दलों के लोगों से अपना नम्बर देने का निवेदन किया जिससे जरूरत पड़ने पर सभी का भरपूर उपयोग हो सके। 
वहीं माले के जिलाध्यक्ष वसंत राजभर ने कहा कि जरूरत पड़ी तो हम अपने पार्टी की वरिष्ठ नेता सुभाषिनी अली को भी बुला सकते हैं।