जनपद मऊ के विकास खण्ड रतनपुरा अंतर्गत रतनपुरा भीमपुरा मार्ग अत्यंत ही दयनीय हालत में है। लगातार कई सालों से इस सड़क के निर्माण की मांग सुर्खियों में रही है। रतनपुरा इस क्षेत्र का ख्यातिप्राप्त बाजार है जो शिक्षा के क्षेत्र में भी अपना अहम योगदान देता है यहां आधा दर्जन से अधिक विद्यालय संचालित हैं, ब्लाक मुख्यालय होने के साथ साथ डाकघर सहित प्रमुख बैंकों की शाखाएं एवं प्राइवेट तथा राजकीय चिकित्सा सुविधा के लिए उच्चीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, तथा पशु चिकित्सालय भी संचालित हैं। रतनपुरा भीमपुरा मार्ग पर भी मर्यादा पुरुषोत्तम महाविद्यालय के साथ साथ कई स्कूलों का संचालन किया जाता है विडंबना है कि इस मार्ग पर बजट का आबंटन एवं टेंडर सहित समस्त प्रक्रिया पूर्ण हुई तो लोगों में इस सड़क के निर्माण को लेकर एक उम्मीद जगी लोगों के खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परन्तु इसका प्रारंभिक निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से बंद पड़ जाने से खुशी निराशा में परिवर्तित होती जा रही है। इस मार्ग पर बड़े बड़े गड्ढे होने से विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं , महिलाओं , बुजुर्गों के साथ साथ दिव्यांग जनों, तथा खासतौर पर गंभीर रूप से बीमार मरीजों के वाहनों को आने जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। लोग अपने जरूरत की सामानों की खरीदारी एवं विक्री करने तथा रतनपुरा रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने के लिए रोज इस बाजार में आते जाते हैं, इस मार्ग पर लोगों का चलना मुहाल है। यह तो कहिए कि इस वर्ष भयंकर बरसात न होने के बावजूद भी थोड़ी बारिश पर ही दोपहिया वाहन चालक फिसल कर गिर जाते हैं। रतनपुरा भीमपुरा जहां से शुरू होता है वहां तथा इस मार्ग पर स्थित एक और मुख्य बाजार बिलौंझा भी है जहां थोड़ा भी बरसात हो जाए तो पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। गढ्ढों के कारण गाड़ी चलाने वालों को कमर में डिक्स की समस्याओं से दो-चार होना पड़ता है। निर्माण कार्य में तेजी न होने से क्षेत्रीय जनता में भारी पैमाने पर रोष होना स्वाभाविक है। क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं बुद्धजीवी लोगों के साथ साथ क्षेत्रीय लोगों ने सरकार एवं शासन से शीघ्र निर्णय कार्य प्रारंभ कराए जाने का अनुरोध किया है।
