जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे सड़कों के गड्ढा मुक्त अभियान के तहत बढुआ गोदाम से वनदेवी धाम होते हुए काझा मार्ग पर कराए जा रहे गड्ढा मुक्त कार्य का निरीक्षण किया। 14.4 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर इस वर्ष कुल 9 किलोमीटर लंबी सड़क पर पैचअप कार्य किया जाना है, जिसे 15 अक्टूबर तक पूर्ण किया जाना है। इस पैचअप कार्य की कुल अनुमानित लागत 15 लाख रुपए है।इस दौरान सड़कों पर जमी धूल की बिना एयर कंप्रेशर मशीन के प्रयोग से ठीक ढंग से सफाई किए बिना ही लेपन कार्य किए जाने एवं मानक के अनुरूप गड्ढों में गिट्टियों का प्रयोग न किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी(प्रांतीय खंड)को गड्ढा मुक्त कार्य को निर्धारित मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने गड्ढा मुक्त कार्य में प्रयुक्त किए जा रहे गिट्टियों की साइज एवं उसकी क्वालिटी की भी जांच की तथा लेपन कार्य हेतु प्रयुक्त किये जा रहे गिट्टियों की गहराई एवं कोलतार की गुणवत्ता की भी जांच जिलाधिकारी द्वारा किया गया। उन्होंने अधिशासी अभियंता पी.डब्ल्यू.डी. एवं संबंधित ठेकेदार को सभी कार्यों को मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराये जाने के निर्देश दिए। विशेष कर गड्ढों में मानक के अनुरूप गिट्टियों की भराई तथा सड़क पर जमी धूल की एयर कंप्रेसर मशीन से सफाई के उपरांत ही पैचअप कार्य करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।अन्यथा की स्थिति में कड़ी कार्यवाही करने के साथ ही संबंधित ठेकेदार से वसूली भी कराए जाने की चेतावनी जिलाधिकारी द्वारा दी गई।
इस दौरान अधिशासी अभियंता पी.डब्ल्यू.डी.चक्रेश कुमार, सहायक अभियंता पी.डब्लू.डी.सौरभ सिंह, नायब तहसीलदार सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
